रोहतक। सोनीपत रोड पर आसन व भालौठ गांव के बीच रविवार तड़के तीन बजे नीलगाय आने से ट्राला व ट्रक टकरा गए। टक्कर में दोनों के चालक की मौत हो गई। आईएमटी थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिए हैं। एक मृतक पानीपत जिले के गांव कायत तो दूसरा सोनीपत जिले के गांव पुठी का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक पानीपत के इसराना थाने के अंतर्गत गांव कायत निवासी अनूप ने दी शिकायत में बताया कि उसका भाई 27 वर्षीय हरिश ट्राले पर ड्राइवर था। रविवार अलसुबह को सोनीपत से दादरी क्रसर व रोड़ी लेने जा रहा था। जब ट्राला आसन गांव से आगे पहुंचा तो अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई। वहीं, रोहतक से खरखौदा की तरफ एक डस्ट से भरा ट्रक जा रहा था। ट्राला व ट्रक नील गाय को बचाने के चक्कर में ड्राइवर साइड से टकरा गए। सूचना पाकर भालौठ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एंबुलेंस मौके पर पहुंची और पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 की मदद से घायलों को पीजीआई में दाखिल कराया, जहां दोनों की मौत हो गई। मामले की सूचना पाकर आईएमटी थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और सबसे पहले दोनों वाहनों के पास अवरोधक डाले गए ताकि दूसरे वाहन न टकरा जाएं। रविवार दोपहर बाद शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे गए।
हादसा मारकर की गई कार्रवाई, केस दर्ज नहीं
दोनों के परिजनों के बयान दर्ज किए गए। किसी ने किसी के खिलाफ केस दर्ज नहीं कराया है। हादसा मानकर कार्रवाई की गई है।
कृष्ण कुमार, जांच अधिकारी थाना आईएमटी
छाया हुआ था कोहरा, पुलिस की गाड़ी भी बची
जांच अधिकारी ने बताया कि मौसम में बदलाव का असर रविवार सुबह देखने को मिला। सड़क पर धुंध के चलते कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। पुलिस की गाड़ी भी टकराने से बची।