रोहतक। जींद रोड पर भगवतीपुर गांव के नजदीक तेज गति से आ रहे कैंटर ने निर्माणाधीन आरओबी के पास ट्राले को टक्कर मार दी। टक्कर में ट्राला चालक राजस्थान के बीकानेर जिले के गांव जलालसर निवासी 36 वर्षीय शौकत शाह की मौत हो गई, जबकि उसका सहायक अशलम शाह घायल हो गया, जो उसी के गांव का रहने वाला है। लाखनमाजरा थाने में आरोपी कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक बीकानेर के वार्ड नंबर 14 निवासी सवाई शाह ने बताया कि वे चार भाई हैं। उसका छोटा भाई शौकत शाह ट्राला चालक के तौर पर नौकरी करता था। रविवार की रात को यूपी के कानपुर से हरियाणा के कैथल ट्राले में धान भरकर जा रहा था। साथ में सहायक अशलम शाह भी था। रात करीब सवा नौ बजे जब वे जींद रोड पर भगवतीपुर गांव के पास पहुंचे तो जींद की तरफ से आ रहे कैंटर चालक ने ट्राले में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर में ड्राइवर साइड का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घायल चालक व परिचालक को पीजीआई में दाखिल कराया गया, जहां चालक शौकत शाह की मौत हो गई।