रोहतक। कॉलेजों में दाखिले के लिए पहली मेरिट सूची में नाम आने के बावजूद प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। उच्च शिक्षा महानिदेशक ने इसके लिए फीस जमा कराने की अंतिम तिथि बढ़ा कर 18 अगस्त कर दी है।
डीएचई (उच्च शिक्षा विभाग) की पहली मेरिट सूची में नाम दर्ज कराने वाले विद्यार्थी वीरवार को फीस जमा करा कर अपनी सीट सुरक्षित कर सकते हैं।
निदेशक ने बुधवार को जारी किए आने पत्र में साफ कहा है कि पहली मेरिट सूची में नाम दर्ज कराने वाले विद्यार्थी वीरवार को अपनी फीस जमा करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें एक दिन का अतिरिक्त समय दिया जा रहा है। वे फीस जमा करा कर अपना दाखिला सुनिश्चित कर सकते हैं। इसके बाद दूसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी। निदेशालय से दाखिले से वंचितों को राहत देते हुए यह फैसला लिया है।
इधर, कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों के दस्तावेजों की जांच काम भी रफ्तार पकड़ चुका है। बुधवार को कॉलेज की दाखिला कमेटी दिन भर विद्यार्थियों के दस्तावेज जांचने में जुटी रही। इसके चलते कैंपस में काफी भीड़ बनी रही। भीड़ के कारण धक्का-मुक्की के भी हालत बने। स्टाफ ने बड़ी मुश्किल से व्यवस्था बनाई। विद्यार्थियों में अपना नंबर पहले आने को लेकर होड़ बनी रही।
जन्माष्टमी का अवकाश कल
सरकार ने जन्माष्टमी पर्व को लेकर बना संशय दूर कर दिया है। सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार प्रदेश में 19 अगस्त को जन्माष्टमी पर्व मनाया जाएगा। अब 18 अगस्त को यह पर्व नहीं मनाया जाएगा। इस दिन का अवकाश स्थगित कर अगले दिन का कर दिया गया है।
एमडीयू में उसी दिन होगी काउंसिलिंग व परीक्षाएं
इस अवकाश के चलते एमडीयू में भी शुक्रवार को ही अवकाश रहेगा। विवि में दाखिला प्रक्रिया पर किसी तरह का असर नहीं रहेगा। विवि में काउंसिलिंग शेड्यूल व परीक्षाएं निर्धारित दिन ही होंगी। इनमें किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है।
सुनित मुखर्जी, निदेशक जनसंपर्क, एमडीयू।
एमडीयू ने जारी की पहली मेरिट सूची
एमडीयू ने बुधवार को विभिन्न चार, पांच व छह वर्षीय पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पहली मेरिट सूची जारी कर दी। इस सूची में अपना नाम देखकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। विद्यार्थियों को पिछले कई दिनों से अपने दाखिले के लिए इस सूची का इंतजार था। अब 19 अगस्त को काउंसिलिंग के जरिये विद्यार्थी अपनी पसंद के कोर्स में दाखिला लेकर सीट सुनिश्चित करेंगे।