कलानौर। कस्बे में स्थित रोहतक-भिवानी मार्ग पर ठेला और फड़ लगाने वाले फुटपाथियों को सरकारी जमीन पर कारोबार करने के बदले स्थायी दुकानदारों को तीन से 10 हजार रुपये किराया देना पड़ रहा है। ऐसे में ठेला और फड़ लगाने वालों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। सबसे नगर पालिका और पुलिस के आला अधिकारियों को इसकी जानकारी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही। रोज सुबह से रोहतक-भिवानी मार्ग टू-लेन पर दोनों तरफ से ठेले खड़े कर दिए जाते हैं। इससे जाम की स्थिति बनी रहती है। सफेद पट्टी व फुटपाथ तो शायद ही राहगीरों कभी देखने को मिलते हों। इससे अतिक्रमण को भी बढ़ावा मिल रहा है और नगरपालिका की टीम खानापूर्ति के लिए बाजार में हिदायतें जारी करके अपना पल्ला झाड़ रही है।
कारोबार करने के लिए कस्बे के बाजार में और गुरोड से लेकर नए बस स्टैंड आदि स्थानों पर करीब 100 ठेले और 50 जमीनी फड़ हैं। यह स्थायी दुकानों के आगे और उनके घरों के सामने लगे रहते हैं। त्योहार नजदीक आते ही ठेला वालों की संख्या और अधिक बढ़ जाती है। सबसे बुरा हाल पुराने बस स्टैंड रोड का है। यहां दोनों तरफ ठेले लग जाने के कारण जाम लग जाता है। मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। इसी के साथ बड़े वाहनों के लिए बाईपास की सुविधा है, लेकिन वह भी शहर के बीचों-बीच गुजरते हैं। भारी वाहनों को शहर के अंदर से रोकने के लिए पुलिस द्वारा को नाकाबंदी नहीं की गई है।
पुराने बस स्टैंड रोड पर दुकानों के सामने लगे सब्जी व फल के ठेले
पुराना बस स्टैंड से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया तक सुबह से शाम तक भीड़ रहती है। रोड पर खड़े वाहन व ठेले अतिक्रमण को बढ़ावा देते हैं। आम दिनों के मुकाबले सीजन और त्योहार में यहां किराया भी डबल हो जाता है। दीपावली जैसे सीजन पर ऐसे ठेले की संख्या अधिक होने से दुकानदार ठेले लगाने वालों से दो से पांच हजार किराया वसूलते हैं। ठेला व्यापारियों का कहना है कि त्योहार में हजारों रुपये का किराया देकर बाजार में ठेले के लिए जगह किराए पर लेते हैं। अगर किराया नहीं देते तो दुकानदार वहां पर ठेला लगाने नहीं देते। फड़ व्यापारियों के पास इतनी राशि नहीं होती कि वह दुकान खरीद सकें।
गाड़ी चालक कहीं भी खड़ी कर देते हैं गाड़ी
बाजार में खरीददारी करने वालों का कहीं भी वाहन खड़ा करना मुसीबत बना रहता है। यातायात पुलिस भी बाजार में कभी कभार ही दिखाई देती है। इसके चलते जाम लगता रहता है। नगरपालिका की की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती है। मंगलवार को भी एक चालक अपना वाहन खड़ा कर बाजार में चला गया। वहीं तूड़े से भरी ट्रॉली बाईपास छोड़कर शहर से गुजरने लगी तो रास्ते में खड़ी गाड़ी ने रास्ता रोक लिया। मौके पर लोगों को गाड़ी को उठाकर किनारे करना पड़ा।
किसी भी ठेला लगाने वाले ने नगर पालिका में इस प्रकार की कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। समय-समय पर रोहतक भिवानी मार्ग पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यदि इस प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है तो दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-प्रदीप जैन, नपा सचिव कलानौर