रोहतक। जन्माष्टमी पर दुर्गा भवन मंदिर शहर का मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। तैयारियां अंतिम रूप में है। रंग-बिरंगी थ्रीडी डिस्प्ले लाइटों से मंदिर रोशन होगा। बिजली स्वचालित झांकियां खासकर, शिव तांडव मंदिर प्रांगण को और भी भव्य बना रहा है। जन्माष्टमी पर प्रत्येक वर्ष दो लाख से ज्यादा श्रद्धालु कान्हा का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। श्रद्धालुओं के लिए इस बार 60 फीट चौड़ा निधिवन बनाया जा रहा है, इसमें रखीं 14 झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
मंदिर प्रांगण में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मंदिर के आचार्य मनोज मिश्र ने बताया कि इस मंदिर की आधारशीला 13 अप्रैल 1949 में अखिल भारतीय साधु संत समाज के अध्यक्ष गुरुचरण दास ने रखी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की रूपरेखा प्रधान ओम प्रकाश शर्मा व कार्यकारिणी के सदस्यों के सहयोग से तैयार की जा रही है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेश जैन और भारत भूषण बतरा रहेंगे। झूले की रस्म भारत पुनियानी और तरुण पुनियानी करेंगे।
यह रहेंगी बिजली से चलने वाली स्वचलित झांकियां
- प्रवेश द्वार पर मूषक भगवान गणेश की आरती करते नजर आएंगे।
-गोवर्धन लीला दूसरी झांकी में दिखेगी।
-मंदिर के केंद्र में राधा-रानी भगवान कृष्ण की पगड़ी सजाते हुए दिखेंगी।
-बवंडर रूपी राक्षस तृणावर्त भगवान कृष्ण को ले जाते हुए दिखेंगे।
-कृष्ण भगवान पतंग उड़ाते हुए।
-पुतना भगवान कृष्ण को ढूंढते हुए।
-गिरिराज भगवान का अलौकिक शृंगार।
टी-20 वर्ल्ड कप 2024 की झांकी पर रहेगी सबकी नजर
प्रत्येक वर्ष मंदिर कमेटी एक भव्य झांकी अलग से रखती है। वर्ष 2023 में राम मंदिर की झांकी मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। ऐसे में इस वर्ष टी-20 वर्ल्ड कप 2024 की झांकी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी।
बलदेव चित्रशाला की दूसरी पीढ़ी कर रही झांकियां तैयार
पिछले 35 साल से प्रत्येक वर्ष जन्माष्टमी पर बलदेव चित्रशाला आगरा की ओर से तैयार की गई झांकियां लगाई जाती हैं। कारीगर राजकुमार ने बताया कि यह हमारी दूसरी पीढ़ी है। प्रत्येक वर्ष नई झांकियां तैयार की जाती है। इस बार निधिवन आदि तैयार किया जा रहा है। 15 कारीगर पिछले कई दिनों से यहां कार्य कर रहे हैं।
यह रहेगी प्रवेश और निकास की व्यवस्था
गेट संख्या-1 माल गोदाम रोड से श्रद्धालु मंदिर प्रांगण में प्रवेश करेंगे। गेट संख्या-2 हिसार रोड से निकासी होगी।
सैकड़ों पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
दुर्गा भवन मंदिर में जन्माष्टमी पर दो लाख से ज्यादा श्रद्धालु कान्हा के दर्शन को आते हैं। इसको लेकर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी। सिर्फ मंदिर प्रांगण में 100 से ज्यादा पुलिस और मंदिर कमेटी के सदस्य सुरक्षा में तत्पर रहेंगे।
बंगाल के कारीगर बनाएंगे फूल बंगला
दुर्गा भवन मंदिर में आज बंगाल से करीब 15 कारीगर फूल बंगला बनाने के लिए पहुंचेंगे। फूल बंगला बनाने के लिए रजनीगंधा समेत करीब 200 फूलों का प्रयोग किया जाएगा।
कान्हा के लिए बनेगा पांच फीट ऊंचा झूला
कान्हा के लिए पांच फीट ऊंचा झूला बनाया जा रहा है, जो चार फिट के स्टेज पर रखा जाएगा। इससे श्रद्धालु कान्हा के झूले को आसानी से झूला सकेंगे।
24सीटीके32..दुर्गा भवन मंदिर में जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर झांकी को तैयार करते कारीगर। संवाद
24सीटीके32..दुर्गा भवन मंदिर में जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर झांकी को तैयार करते कारीगर। संवाद