राजकीय स्नात्कोत्तर महिला महाविद्यालय में बीए में प्रवेश के लिए प्रमाणपत्रों की जांच करवातीं छ?
कॉलेजों में स्नातक में दाखिला प्रक्रिया का एक चरण पूरा हो गया है। पहली मेरिट सूची में आने वाले विद्यार्थियों के पास मंगलवार को फीस जमा करने का अंतिम दिन था। इसके चलते फीस जमा करके दाखिला सुनिश्चित करने के लिए विद्यार्थियों की होड़ लगी रही। दस्तावेजों की जांच के लिए कॉलेजों में मारामारी के हालात रहे। विद्यार्थियों की भीड़ अधिक होने के कारण धक्कामुक्की तक की नौबत बन आई।
डीएचई (डिपार्टमेंट ऑफ हायर एजुकेशन) की ओर से जारी की गई पहली मेरिट सूची के बाद विद्यार्थियों को फीस जमा कराने के लिए दिया गया तीन दिन का समय मंगलवार को समाप्त हो गया। अब बची हुई सीटों के लिए डीएचई 19 अगस्त को दूसरी मेरिट सूची जारी करेगा। इस सूची में 70 प्रतिशत या इसके आसपास अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अपना नाम आने की उम्मीद है। विद्यार्थियों को इस मेरिट सूची का बेसब्री से इंतजार है। इस दूसरी मेरिट सूची के जारी होने से कॉलेजों में लगभग सीटें भर जाने की उम्मीद है। दूसरी सूची में नाम आने वाले विद्यार्थियों को 23 अगस्त तक फीस जमा कर अपना दाखिला सुनिश्चित करना होगा। इसके बाद भी यदि कोई सीट रिक्त रहती है तो इसके लिए 26 अगस्त को कॉलेज स्तर पर ओपन काउंसिलिंग की जाएगी।
एमडीयू ने पीजी में दाखिले की अंतिम तिथि 19 तक बढ़ाई
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय ने विश्वविद्यालय शैक्षणिक विभागों, एमडीयू-सीपीएएस, गुरुग्राम व संबद्ध डिग्री महाविद्यालयों में स्नातकोत्तर (पीजी) व एलएलबी तीन वर्षीय पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 19 अगस्त तक बढ़ा दी है। एमडीयू के कुल सचिव प्रो. गुलशन तनेजा ने बताया कि प्रवेश परीक्षा व काउंसिलिंग तिथियों की सारिणी में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। प्रवेश प्रक्रिया विवरण एमडीयू वेबसाइट पर उपलब्ध है। ब्यूरो