सेक्टर 6 में पत्रकारो से बातचीत करते नवीन जय हिन्द। स्रोत: नवीन जय हिन्द
रोहतक। बीते रविवार रोहतक स्थित राजीव गांधी स्टेडियम के सामने सेक्टर 6 टेंट से जयहिंद सेना प्रमुख डॉ. नवीन जयहिंद ने एसवाईएल को लेकर साथियों के साथ बैठक और प्रेसवार्ता की। पत्रकारों से बातचीत में नवीन जयहिंद ने कहा कि आज कोई भी एसवाईएल के मुद्दे पर बात नहीं कर रहा, चाहे वो कोई नेता, राजनेता, किसान नेता हो। जो एसवाईएल की बात नहीं कर रहा, वो हरियाणा का गद्दार है।
एसवाईएल के पानी लाने पर पहले आओ-पहले पाओ का नारा देते हुए नवीन जयहिंद ने कहा जो भी नेता, मंत्री, मुख्यमंत्री एसवाईएल नहर निर्माण की बात करेगा, उन्हें वह एक लाख का इनाम देंगे। जयहिंद ने कहा कि अगर एसवाईएल नहर निर्माण हो जाता है तो वो उस इनाम को बढ़ाकर 11 लाख कर देंगे और पूरे प्रदेश की जनता का भंडारा करेंगे। नवीन जयहिंद ने किसान आंदोलन पर पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य का समर्थन करते हैं और शांतिपूर्ण आंदोलन के पक्ष में हैं। नुकसान किसी का भी हो, भुगतना निर्दोष जनता को पड़ता है।