रोहतक। जिला मुख्यालय पर हर कार्य दिवस पर लग रहे समाधान शिविर में भी लोगों की शिकायतों का समाधान नहीं हो पा रहा है। 22 दिन में मात्र 31 प्रतिशत शिकायतों का ही समाधान हो सका है। जमीन, परिवार पहचान पत्र में ज्यादा आय व प्रॉपर्टी आईडी की शिकायतों में सबसे ज्यादा समय लग रहा है। डीसी अजय कुमार ने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों को दूर करने की हिदायत दी है।
प्रदेश सरकार की हिदायत पर पूरे प्रदेश में 10 जून से हर कार्य दिवस पर समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां सुबह 9 से 11 बजे तक डीसी की अध्यक्षता में आला अधिकारी लोगों की शिकायतें सुनते हैं। जिला प्रशासन के मुताबिक समाधान शिविरों में अब तक 1861 शिकायतें आईं हैं, इनमें 592 का निपटारा किया गया है। 1269 शिकायतों का अब तक कोई हल नहीं निकाला जा सका है।
मंगलवार को आईं 142 शिकायतें
मंगलवार को लगे समाधान शिविर में 142 शिकायतें आई। डीसी, एसपी, एसडीएम, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त तथा नगराधीश ने लोगों की शिकायतें सुनीं। डीसी ने कहा कि समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लें। रोजाना शाम तक स्टेट्स रिपोर्ट दें। शिविरों में सबसे ज्यादा शिकायतें परिवार पहचान पत्र में त्रुटि को दुरुस्त करवाने, प्रॉपर्टी आईडी में शुद्धिकरण, पुलिस विभाग, बिजली विभाग, विकास एवं पंचायत विभाग व राजस्व विभाग से संबंधित हैं।