देश व समाज हित में नए प्रयोग करने में कतई झिझक नहीं है। यह मंत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीखा है। यह कहना है मुख्यमंत्री मनोहर लाल का। वे वीरवार को एमडीयू के राधाकृष्णन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1994 से प्रधानमंत्री के साथ राजनीति के क्षेत्र में काम कर रहा हूं। उनके साथ अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं भी बनाई हैं। यह बात भी उन्हीं से सीखी है कि देश व समाज की भलाई के लिए कोई नया प्रयोग करना पड़े तो उसमें कतई झिझक नहीं होनी चाहिए। हरियाणा की ऑनलाइन तबादला नीति का उदाहरण देते हुए कहा कि जब यह नीति राजनेताओं व अन्य लोगों के सामने रखी तो किसी ने इसका समर्थन नहीं किया था। जब यह नीति लागू हुई तो अध्यापक व राजनेता सभी खुश हुए। अब लोग तबादले के लिए सिफारिश लगवाने नहीं पहुंचते। भाजपा ने सत्ता को सेवा का माध्यम माना है। सेवा ही उनका धर्म है। जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, तब से लगातार जनहित के कार्य किए जा रहे हैं। सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता के संदर्भ में कहा कि विपक्ष की एक महिला नेता की बेटी मेरिट के आधार पर नौकरी लग चुकी है। विपक्षी नेताओं ने भी स्वीकार किया है कि हरियाणा में पर्ची व खर्ची के आधार पर नहीं, बल्कि मेरिट के आधार पर नौकरियां मिलती है। पेपर लीक के मामले में उन्होंने कहा कि इस कार्य में अंतर राज्य गिरोह शामिल है। अब तक 650 लोग पकड़े जा चुके हैं। गलत कार्य करने वालों को भाजपा न केवल एक्सपोज कर रही है, बल्कि उन्हें दंडित भी कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा की परिवार पहचान पत्र योजना का अन्य राज्यों से भी अनुकरण करने का आह्वान किया है।