संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। भिवाड़ी में गत माह रेवाड़ी के सराफा व्यापारी की हत्या व लूट और इससे पहले शहर में हुई लूट व चेन स्नैचिंग की घटनाओं से व्यापारी सहमे हुए हैं। शहर में सुरक्षा के नाम पर बाजार के बीच एक पुलिस पुलिस बूथ की स्थापना तो की गई है लेकिन यहां पुुलिसकर्मी नहीं रहते हैं। ऐसे में आपराधिक घटनाएं होती रहती हैं।
व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है। भिवाड़ी में शो-रूम में लूट व सराफा व्यापारी जय सिंह की हत्या की घटना से व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। यहां के व्यापारी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित से मिल चुके हैं। व्यापारियों का कहना है कि कुछ माह पहले तक बाजारों में 3 राइडर घूमती थी। मुख्य बाजार के बीच में एक पुलिस बूथ भी बनाया गया था लेकिन लंबे समय से यह बूथ खाली पड़ा है। यहां कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आता। शहर व आसपास के इलाकों में इन दिनों अपराधका ग्राफ बढ़ा है। जिले में गोली चलने, लूट और हत्या की भी कई वारदातें सामने आ चुकी हैं। ऐसे में सुरक्षा के लिए व्यापारियों की चिंता जायज है। कानून व्यवस्था में अभी और सख्ती की जरूरत है।
60 लाख के सोने की लूट के बाद स्थापित हुआ था बूथ : पिछले साल 28 अप्रैल को शहर के गुड़ बाजार में सर्राफा व्यापारी मनीष जैन से एक बदमाश ने 60 लाख रुपये कीमत का करीब 1 किलोग्राम सोना और 70 हजार रुपये की नकदी लूटी थी। दिनदहाड़े पिस्टल प्वाइंट पर की गई इस वारदात से शहर में दहशत फैल गई थी। वारदात के करीब दो सप्ताह बाद पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी जिले के गांव ओढ़ी निवासी दीपक कुमार को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पहले उसने दुकान की रेकी की और बाद में अपने गांव निवासी दोस्त युद्धबीर उर्फ जुगबीर की बाइक से इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया। इस बड़ी वारदात के बाद मोती चौक पर एक पुलिस बूथ बनाया गया। कुछ दिन पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगी, मगर अब यह खाली पड़ा रहता है।
लूट, हत्या व स्नेचिंग जैसी घटनाएं हुईं
शहर में इन दिनों अपराध का ग्राफ बढ़ता नजर आ रहा है। इनमें लूट, हत्या व स्नेचिंग जैसी वारदातें शामिल हैं। 18 अगस्त को सेक्टर-4 में आपसी रंजिश में आनंद नगर निवासी 18 वर्षीय युवक पर हमला कर दिया, जिसमें युवक की मौत हो गई। नई आबादी में बीती रात स्कूटी पर बेटे के साथ जा रही महिला के गले से सोने की चैन झपट ली। 1 अगस्त की रात को ढाणी जाटूसाना निवासी राहुल की गाड़ी चढ़ाकर हत्या कर दी गई। इससे पहले 17 जून की रात को मोहल्ला रामसिंहपुरा में एक ज्वैलर की दुकान में घुसकर बदमाशों ने सिर में ईंट मार दी तथा 18 किलो चांदी व 250 ग्राम सोना लूट ले गए थे। इसके अलावा अन्य कई वारदातें हो चुकी हैं।
-
क्या कहना है व्यापारियों का:
शहर में व्यापारियों की सुरक्षा रामभरोसे है। पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने का अनुरोध किया जा चुका है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। पहले बूथ पर पुलिसकर्मी बैठे रहते थे, लेकिन अब एक भी दिखाई नहीं देता है। बाजार में व्यापारियों की सुरक्षा बेहद जरूरी है।-दीपेश भार्गव, जिलाध्यक्ष, राष्ट्रीय व्यापार सेवा संघ।
-
शहर के मोती चौक पर पिछले साल एक व्यापारी के साथ लूट की वारदात हुई थी। इसके बाद पुलिस प्रशासन से एक बूथ की स्थापना कराई थी जिसमें पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगाई थी। एक साल बीत गया है, लेकिन अभी तक यह बूथ केवल दिखावे का ही रह गया है। - दिनेश कपूर,पूर्व प्रधान, मोती चौक व्यापार संगठन
-
वर्जन
पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है। नागरिकों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। बाजार में राइडर लगी है, जो समय-समय पर जाकर बाजार में गश्त लगाती है। आमजन को भी पुलिस का सहयोग करते हुए संदिग्धों की सूचना देनी चाहिए।- सुरेंद्र सिंह, प्रभारी, थाना शहर।