चोरों ने अब पुलिस वालों के घर को ही निशाना बनाना शुरू कर दिया है।
चोर दिनदहाड़े सेक्टर 2 निवासी बलजीत दांगी के घर से हजारों की नकदी और गहने चोरी कर ले गए।
बलजीत दिल्ली पुलिस में इंस्पेक्टर हैं। अर्बन एस्टेट थाने में केस दर्ज किया गया है। वारदात के समय घर पर कोई नहीं था।
पुलिस को दी शिकायत में बलजीत ने बताया कि मंगलवार को वह दिल्ली ड्यूटी पर गए हुए थे। साथ ही उनका बेटा दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के लिए गया हुआ था।
घर पर छोटा बेटा था। दोपहर करीब एक बजे वह भी कार की सर्विस कराने के लिए घर का ताला लगाकर चला गया। इसके बाद घर में कोई नहीं था।
इसी बीच चोर घर में मैन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे। अंदर के गेट का ताला नहीं टूटने पर आरोपियों ने गेट से कब्जा ही उखाड़ दिया। इसके बाद कमरे से अलमारी के अंदर रखी 52 हजार रुपये की नकदी और गहने चोरी कर ले गए। जब बेटा कार लेकर घर वापस आया तो उसने देखा कि ताला टूटा हुआ है। इस पर वह अंदर घुसा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। इंस्पेक्टर ने बताया कि उसने बड़े बेटे की फीस के लिए रुपये रखे हुए थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।