रोहतक। शहर के पारस मोहल्ला स्थित गोपाल मंदिर का ताला तोड़कर चोर भगवान श्री कृष्ण व राधा के चांदी के 10 से 15 तोले के मुकुट चुराकर ले गए। साथ ही दानपात्र से 20 से 25 हजार की नकदी भी निकाली गई है। मंदिर के पुजारी ने पुरानी सब्जी मंडी थाने में केस दर्ज कराया है।
मंदिर के पुजारी दिनेश ने बताया कि वह सोमवार सुबह चार बजे मंदिर आये तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो भगवान श्रीकृष्ण व राधा रानी के चांदी के मुकुट नहीं थे। इतना ही नहीं, दानपात्र का ताला भी टूटा मिला था, जिसके अंदर से 20 से 25 हजार की नकदी गायब मिली। उन्होंने मंदिर की संचालन कमेटी के सदस्यों को सूचना दी। कमेटी के सदस्य मौके पर पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया। पुलिस एफएसएल एक्सपर्ट के साथ मौके पर पहुंची और फिंगर प्रिंट ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी।
दिवाली पर नहीं निकाल सके थे दान राशि
पुजारी ने बताया कि दिवाली पर दानपात्र से राशि निकालते हैं, लेकिन इस बार नहीं निकाल सके थे। सोचा था कि एक सप्ताह बाद राशि निकाली जाए, लेकिन उससे पहले ही चोर राशि निकाल कर ले गए।
कचरा उठाने वालों पर शक
पुलिस को जांच में सीसीटीवी कैमरे के अंदर मंदिर के आसपास कचरा उठा रहे युवक व महिलाएं दिखाई दी हैं। अब पुलिस उसकी तलाश कर रही है, ताकि वारदात से पर्दा उठ सके।