मामले को लेकर पहले पंचायत में हो चुका फैसला, दोबारा फिर परेशान कर रहा आरोपी
माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। 12वीं तक साथ पढ़े एक युवक ने अपने ही गांव के युवक का नाम ब्लेड से हाथ पर लिखा है। साथ ही कहा कि रोज वह तीन घंटे उससे बात करे। नहीं तो वह उसका नाम लिखकर मर जाएगा। आरोपी ने सोशल मीडिया पर पीड़ित व उसकी बहन के बारे में आपत्तिजनक मैसेज भेजकर छवि खराब करने का प्रयास किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट 66ई व 67 के तहत केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
कलानौर थाने में दर्ज एफआईआर में जिले के एक गांव के युवक ने दी शिकायत में बताया कि उसने व गांव के ही एक युवक ने 12वीं साथ में पास की थी। आरोपी फोटो एडिट करके सोशल मीडिया के माध्यम पर भेजता है। मामले को लेकर साथ लगते गांव में पंचायत भी हुई थी। पंचायत में आरोपी ने लिखित में कहा था कि वह उसे परेशान नहीं करेगा। लेकिन पंचायत के बाद आरोपी ने उसकी बहन व अन्य लड़कियों को गलत मैसेज भेजना फिर शुरू कर दिया। वे आरोपी के घर पर गए और उसके माता-पिता को पूरे मामले से अवगत कराया। आरोपी के माता-पिता ने कहा कि उनका लड़का मोबाइल प्रयोग नहीं करता। जबकि उसके पास आरोपी के भेजे गए मैसेज व कॉल रिकाॅर्डिंग भी मौजूद है।
बाक्स
आरोपी बोला- मेरा मन नहीं मान रहा, यही काम करूंगा
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपी कह रहा है कि उसका मन नहीं नहीं मान रहा। वह यही काम करेगा। वह उसका कॅरिअर खराब कर देगा। उसे पिटाई से कोई डर नहीं लगता है। उसने मैसेज व गलत फोटो एडिट करके भेजे हैं। आरोपी उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहा है। धमकी देता है कि उससे हर रोज दो-तीन घंटे बात की जाए। कहा कि उसे तुम चाहिए हो, अपने भाई, बहन, माता-पिता से भी बात नहीं करेगा। अपने सभी पासवर्ड बता दे। नहीं तो जीना हराम कर दूंगा। आरोपी धमकी देता है कि अगर उससे बात नहीं करेगा तो वह उसका नाम लिखकर मर जाएगा। पीड़ित ने बताया कि जब वे स्कूल में साथ पढ़ते थे, तब बच्चों ने बताया था कि आरोपी ने अपने हाथ पर ब्लेड से शिकायतकर्ता का नाम लिखा हुआ है।
वर्जन
आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पहले पीड़ित के अदालत में जज के सामने बयान दर्ज करवाएंगे। इसके बाद आरोपी को काबू कर पूछताछ की जाएगी।
-इंस्पेक्टर देशराज, प्रभारी, थाना कलानौर