जेल में बंद बंदी को सुल्फा देने जा रहे वालंटियर जेल वार्डर को सुरक्षाकर्मियों ने संदेह के आधार पर पकड़ लिया। उसकी तलाशी लेने पर उसकी जेब से 5 ग्राम सुल्फा मिला है। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस को दी शिकायत में उप अधीक्षक जेल साजिद खान ने बताया कि मनोज निवासी भैणी मातू जिला रोहतक वर्तमान में जिला जेल रोहतक पर अनुबंध के आधार पर बतौर वालंटियर जेल वार्डर कार्यरत है। पांच मार्च को उक्त कर्मचारी की ड्यूटी मुख्य सुरक्षा दीवार के साथ कोट मौका नंबर 8 पर सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक थी। उक्त कर्मचारी अपनी ड्यूटी के दौरान सुबह लगभग 10 बजे अपना ड्यूटी का स्थान छोड़कर जेल में अंदर बैरकों की तरफ जा रहा था। इस दौरान थर्ड गेट पर एक अन्य वार्डर ने संदेह के आधार पर मनोज की तलाशी ली। तलाशी के दौरान मनोज की पैंट की जेब से एक पॉलिथीन से 5 ग्राम सुल्फा बरामद हुआ है। पूछताछ में मनोज ने अपने लिखित बयान में कुबूल किया है कि वह जेल के अंदर हवालाती बंदी अमित को सुल्फा देने जा रहा था। यह सुल्फा बंदी के भाई द्वारा उसे जेल के अंदर सप्लाई करने के लिए दिया गया था।