झज्जर। बहादुरगढ़ रोड पर वीरवार रात अपने कार्यालय में बैठे प्रॉपर्टी डीलर की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई।
बाइक पर सवार होकर आए नकाबपोश युवकों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसमें युवक के साथ बैठे तीन अन्य युवक बाल-बाल बच गए। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। प्राॅपर्टी डीलर ने नगर परिषद चेयरमैन पद का चुनाव भी लड़ा था।
सूचना पाकर सहायक पुलिस आयुक्त शमशेर सिंह, शहर थाना प्रभारी सदानंद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। मौके पर कई राउंड फायर हुए हैं।
वीरवार रात करीब आठ बजे दिल्ली गेट निवासी 32 वर्षीय अनुज राव अपने दोस्त रविंदर, प्रवीण व आकाश के साथ बहादुरगढ़ रोड पर पंजाबी रसोई के पास अपने प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में बैठे थे। अचानक कार्यालय के बाहर एक बाइक आकर रुकी। बाइक पर सवार हथियार बंंद नकाबपोश युवक कार्यालय में घुस गए। नकाबपोश युवकों के दोनों हाथों में पिस्तौल थी। हमलावरों ने अनुज पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी।अनुज नीचे जमीन पर गिर गया। अनुज के साथ बैठे बाकी तीन युवकों ने कुर्सी अपने ऊपर अड़ाकर अपनी जान बचाई। घटना को अंजाम देकर आरोपी युवक फरार हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए। शव को सिविल अस्पताल में रखवाया गया हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। सहायक पुलिस आयुक्त शमशेर सिंह रात को सिविल अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।