रोहतक। लाखनमाजरा खंड के गांव बैंसी में मंदिर का गेट न खोलने पर दो युवकों ने पुजारी से मारपीट की। जब पुजारी का बेटा शिकायत लेकर गया तो उसे भी पीटा। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बैंसी गांव निवासी अमित ने दी शिकायत में बताया कि उसके पिता मंदिर में रहते हैं। छह जुलाई की रात करीब 11 बजे गांव का युवक राजकुमार व सुनील आए। आवाज लगाकर मंदिर का गेट खुलवाने लगे। उसके पिता ने कहा कि इतनी रात को गेट नहीं खुलेगा। इसके बावजूद आरोपी आवाज लगाते रहे। इसी बीच उसके पिता गेट खोलकर समझाने लगे। तब आरोपियों ने उसके पिता से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। वह आरोपियों के पास शिकायत लेकर पहुंचा तो आरोपी सुनील उर्फ काला, सूबे सिंह व भोलू ने उस पर सरियों और डंडों से हमला कर दिया। उसके पिता ने किसी तरह बीच-बचाव कराया। पुलिस ने घायलों का मेडिकल करवाकर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।