रोहतक। मेरी माटी-मेरा देश कार्यक्रम की तैयारियों का बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने जायजा लिया। यह आयोजन 25 अक्तूबर को होना है। इसके लिए मौके पर समीक्षात्मक बैठक हुई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
उपायुक्त अजय कुमार ने बुधवार को स्थानीय कैंप कार्यालय में सहायक आयुक्त अंडर ट्रेनिंग अंजली श्रोत्रीय, अतिरिक्त उपायुक्त महेश कुमार, नगराधीश मुकुंद तंवर, सूचना आदि के साथ कार्यक्रम को लेकर बैठक की। कार्यक्रम स्थानीय नई अनाज, फल व सब्जी मंडी के सामने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टर 21 में होगा। कार्यक्रम स्थल के साथ ही अमृत वाटिका बनाई जायेगी। इसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल मुख्यातिथि होंगे तथा प्रदेश के सभी खंडों व शहरी स्थानीय निकायों से कलश इस कार्यक्रम में लाए जाएंगे। इन कलशों की मिट्टी लेकर अमृत वाटिका विकसित की जाएगी, इसमें इस कार्यक्रम के दौरान 75 पौधे रोपे जाएंगे। ब्यूरो