महम। अनाज मंडी में मकर संक्रांति के अवसर पर हरियाणा जन सेवक पार्टी की ओर से जन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पार्टी के संयोजक व महम के विधायक बलराज कुंडू ने लोगों को संबोधित किया कि मौजूदा सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए कोई कदम नहीं उठा रही। अच्छे पदों पर जो भर्तियां हो रही हैं, उनमें प्रदेश से बाहर के लोगों को लगाया रहा है।
विधायक बलराज कुंडू ने कहा कि हरियाणा में पूर्ण बहुमत किसी का नहीं आएगा। उनकी पार्टी के समर्थन बगैर किसी की सरकार नहीं बनेगी। जैसे ही सत्ता की चाबी उनके पास आएगी, उसी दौरान हलका का भरपूर विकास होगा। पढे़-लिखे युवाओं को नौकरियां मिलेंगी। विधायक ने कहा जो स्थानीय नेता 20-30 साल से महम के अंदर अपनी अपनी पार्टियों में कब्जा जमाए बैठे हैं। ऐसे लोगों को फिर से सबक सिखाना है। उन्होंने कहा कि वह बेटियों को कॉलेज में ले जाने के लिए 23 बसें खुद के खर्च पर चलाई गई हैं। यदि जरूरत पड़ी तो 100 बसें भी चला सकता हूं। वे चाहते हैं कि हर घर की बेटी कॉलेज जाकर पढ़ सके।
गठबंधन के नाम पर मची है लूट
बलराज कुंडू ने कहा कि कर्मचारी, व्यापारी, मजदूर, किसान मौजूदा सरकार से तंग हो चुके हैं। पटवारी व कानूनगो का धरना पिछले 9 दिनों से चल रहा है, लेकिन गठबंधन सरकार किसी की सुनवाई नहीं कर रही। विधायक ने कहा कि गठबंधन के नाम पर लूट खसोट की दुकान चलाई जा रही है, जिसका जवाब जनता चुनाव के दौरान देगी। फैमिली आईडी के नाम पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। समारोह में महिला-पुरुषों को विधायक ने शाॅल व कंबल भेंट कर सम्मानित किया। कांग्रेस और भाजपा के कई पदाधिकारियों ने हजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर हरियाणा जनसेवक पार्टी की अध्यक्ष परमजीत कुंडू, प्रदेश अध्यक्ष संजय साहू, महिला प्रदेश अध्यक्ष संतोष, बाबा कालीदास, समुंद्र चेयरमैन, हवा सिंह सहित अन्य व्यक्ति मौजूद रहे।