कलशयात्रा निकालती महिलाएं।सांपला। कस्बे के रेलवे रोड स्थित प्राचीन सनातन धर्म मंदिर में शनिवार को विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा का पावन अनुष्ठान श्रद्धा, भक्ति और वैदिक विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। इसमें काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। प्राण प्रतिष्ठा से हवन यज्ञ किया गया। उसके बाद कलश एवं मूर्तियों की शोभा यात्रा निकाली गई। यह शोभा यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर मार्किट कमेटी रोड, पुरानी अनाज मंडी और रेलवे रोड से होती हुई पुनः मंदिर पहुंची। मंदिर के मुख्य पुजारी चंद्र मोहन ने बताया कि मंदिर परिसर के विस्तार के तहत एक विशाल हॉल का निर्माण कराया गया है। इसी नव-निर्मित हॉल में शुभ मुहूर्त के अनुसार श्री गणेश, श्री राम दरबार, शिव परिवार, दुर्गा जी, विष्णु-लक्ष्मी जी, राधा-कृष्ण जी, हनुमान जी एवं बाबा खाटू श्याम जी की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा विधिवत सम्पन्न की गई । संवाद