बहादुरगढ़। दुष्कर्म का केस दर्ज कराने के लिए थाने में पहुंची एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में युवती को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे पीजीआईएमएस रेफर कर दिया गया। हालांकि अभी युवती का मेडिकल नहीं हो पाया है लेकिन उसकी शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया है। आरोप कितने सही है, ये जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
शहर की निवासी एक युवती शुक्रवार को थाने में पहुंची थी। वह महिला जांच अधिकारी का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस कर्मियों ने उसको संभाला और तुरंत सरकारी अस्पताल ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया। शहर थाना पुलिस ने पीजीआईएमएस में जाकर युवती के बयान लिए। करीब 20 वर्षीय पीड़िता युवती ने अपने ही एक परिचित पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि करीब दो साल पहले उनकी एक युवक से पहचान हुई थी। फिर दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे। शादी का झांसा देकर वह युवक उसके साथ गलत काम करता रहा। बाद में शादी से इंकार कर दिया और धमकी देने लगा। पुलिस ने इस बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उधर, थाना प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि युवती की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल जांच से पहले युवती की तबीयत बिगड़ गई थी। तबीयत में सुधार होते ही उसका मेडिकल कराया जाएगा।