रोहतक। इनेलो के युवा जिला प्रधान बल्लू खेड़ी साध ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। पढे़-लिखे युवा रोजगार की तलाश के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। सरकार गंभीर नहीं है। चुनाव के दौरान सरकार ने हर घर सरकारी नौकरी देने का वादा किया था। अभी तक सरकार ने अपना वादा पूरा नहीं किया। वह शनिवार को गढ़ी सांपला किलोई के गांव दतौड़, गिझी, अटायल, ईस्माइला में आयोजित युवा सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 20 जनवरी को रोहतक में दिल्ली बाईपास ताऊ देवीलाल पार्क के सामने नूर गार्डन में इनेलो युवा महा सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें इनेलो के युवा विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्ण सिंह चौटाला बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। अध्यक्षता प्रदेश युवा अध्यक्ष अरविंद गोस्वामी करेंगे। इस अवसर पर कृष्ण कौशिक एडवोकेट, डॉ. राजपाल देशवाल, राकेश सहगल, सतीश नांदल रिठाल व अन्य उपस्थित रहे।