हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन का 14वां त्रिवार्षिक प्रांतीय प्रतिनिधि सम्मेलन शनिवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर भवन में शुरू हुआ।
सम्मेलन में महम के विधायक बलराज कुंडू मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कर्मचारियों की मांगों को समर्थन देते हुए संघर्ष में साथ देने का विश्वास दिलाया। ध्वजारोहण यूनियन के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सत्यनारायण कौशिक ने किया। सम्मेलन का उद्घाटन इंडियन पब्लिक सर्विस फेडरेशन के उप महासचिव अजयवीर यादव ने किया।
यूनियन के राज्य प्रधान ईश्वर सिंह शर्मा ने कहा कि सम्मेलन में 700 प्रतिभागी शामिल रहे। रविवार को यूनियन के त्रिवार्षिक प्रांतीय चुनाव होंगे। पर्यवेक्षकों की देखरेख में नई कार्यकारिणी का चयन करने के साथ सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के विरोध में रणनीति तैयार की जाएगी। संगठन कौशल रोजगार निगम पर लगे कर्मचारियों को पक्के कर्मचारियों के बराबर वेतनमान देने, पुरानी पेंशन योजना बहाली,एलटीसी का भुगतान कराने, कर्मचारियों के मेडिकल कैशलैस कार्ड बनवाने, पीएफ व ईएसआई कार्ड बनाने, ठेके पर लगे हुए कर्मचारियों को तनख्वाह देना आदि मांगों के लिए संघर्षरत हैं। समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन का बिगुल बजाया जाएगा। इसके लिए सरकार तैयार रहे।
इंडियन पब्लिक सर्विस फेडरेशन के राष्ट्रीय सचिव मुख्य वक्ता राजेंद्र सिंह राणा व आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्पर यूनियन की वरिष्ठ उप महासचिव जगमति मलिक, चुनाव पर्यवेक्षक फेडरेशन के राष्ट्रीय उपमहासचिव राकेश सिंह भदौरिया, हरियाणा संयुक्त कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष हरिनारायण शर्मा ने कर्मचारियों को संबोधित किया। मंच का संचालन प्रांतीय प्रेस प्रवक्ता सदल सिंह राणा ने किया। वित्तीय रिपोर्ट प्रांतीय कोषाध्यक्ष रामपाल सैनी ने प्रस्तुत की। प्रांतीय महासचिव पंकज मित्तल ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।