बादली। कुंडली मानेसर पलवल एक्सप्रेस वे पर संतुलन बिगड़ने से पलटने के बाद पिकअप गाड़ी से बाहर निकाले गए चालक और गाड़ी रोककर मदद करने वाले एक अन्य चालक को अज्ञात वाहन ने टक्कर लगा दी। टक्कर में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें बहादुरगढ़ के निजी अस्पताल ले जाया गया। दोनों की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
उत्तर प्रदेश के जिला मुज्जफरनगर निवासी इरशाद पिकअप गाड़ी में आम भरकर राजस्थान के कोटपुतली जा रहा था। बादली टोल के पास संतुलन बिगड़ने से पिकअप गाड़ी पलट गई। चालक इरशाद को पिकअप गाड़ी से बाहर निकाला गया। वहां से गुजर रहे एक अन्य पिकअप गाड़ी के चालक शहजाद ने इरशाद की मदद करने के लिए अपनी गाड़ी रोक ली। हरिद्वार निवासी शहजाद जब इरशाद की मदद कर रहा था तभी वहां से गुजरे एक अज्ञात वाहन ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को बहादुरगढ़ के निजी अस्पताल ले जाया गया जहां दोनों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और इरशाद और शहजाद के शवोंं का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।