रोहतक। शहर की सरकार के जिम्मेदार अधिकारियों की वजह से दो माह में दूसरी बार हाउस की बैठक टल गई, जिसका खामियाजा शहर की आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। क्योंकि नगर निगम के पास काम कराने के लिए बजट नहीं है। पार्षद भी हाउस की बैठक के बिना अधिकारियों से सवाल जवाब नहीं कर पा रहे हैं। इसके चलते वार्डों के अंदर सीवर, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सड़कों व विकास कार्यों से जुड़े काम ठप पड़े हैं।
पार्षदों का कहना है कि नगर निगम प्रशासन पहले बजट की व्यवस्था करे, ताकि लोगों के काम करवाए जा सकें। जाट कॉलेज के मैदान में पांच माह पहले हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने 70 करोड़ के बजट की घोषणा की थी, लेकिन अभी तक बजट नहीं आया है।
मामला एक
तीन करोड़ में काम करने के लिए बोला था, नहीं मिला एक रुपया भी
हाउस मीटिंग के एजेंडा में शामिल बिंदुओं में वार्ड चार से प्रस्तावित किया गया कि पिछली हाउस मीटिंग में प्रत्येक वार्ड में तीन करोड़ रुपये राशि के विकास कार्य करवाने के लिए बोला गया था जो कि दो महीने बाद तक एक कोई राशि नहीं दी गई। वहीं पार्षद धर्मेंद्र गुलिया ने बताया कि वार्ड की बड़ी परेशानी पेयजल की समस्या है। पिछले दो साल से माता दरवाजा बूस्टर का काम रुका हुआ है। न कोई मोटर रखी गई और न कोई कमरा बनाया गया। बूस्टर का निर्माण डी प्लान के तहत मिले बजट से निगम ने करवाया था और पाइपलाइन अमृत योजना से बिछाई गई थी। अब तक बूस्टर चालू नहीं किया गया है। अगर यह बूस्टर शुरू होता है तो माता दरवाजा, सैनीवास, गोपाल कॉलोनी, बाबरा मोहल्ला व अन्य इलाकों के लोगों को पर्याप्त पेयजल की सप्लाई होगी।
मामला दो
हाउस की बैठक के लिए दिया था एजेंडा, कुछ नहीं हुआ
पूर्व में हुई हाउस मीटिंग में वार्ड के विभिन्न विकास कार्यों को एजेंडे में शामिल किया गया। पार्षद सुनील उर्फ सोनू पावरिया ने बताया कि वार्ड की शास्त्री नगर, बसंत विहार, हरकी देवी कॉलोनी व अन्य क्षेत्र में पेयजल सप्लाई की दिक्कत लंबे समय से है। उतम विहार, आजादगढ़, न्यू विशाल नगर, पूरा लाढ़ौत रोड, सूर्य नगर, बसंत विहार में सीवर लाइन ओवरफ्लो होने से पीने का पानी गंदा होता है। इसके अलावा 14 अन्य बिंदु एजेंडा में शामिल किए गए थे। रद्द हुई मीटिंग में भी ये ही समस्याएं एजेंडा में जोड़ी गई थी। पेयजल और सीवर की समस्या का समाधान करवाने के लिए बार-बार चक्कर काट रहे हैं। विकास कार्यों के लिए अब तक कोई बजट नहीं मिला है।
मामला तीन
चार साल से उठा रहा आवाज, मेरे वार्ड में करवा दो विकास
वार्ड 11 के पार्षद कदम सिंह अहलावत ने बताया कि चार साल से हो रही हाउस मीटिंग के एजेंडा पर आज तक कोई एक्शन नहीं हुआ है। बार-बार एक ही एजेंडा आगे बढ़ता है। सेक्टरों में स्ट्रॉम वाटर, पेयजल, सीवर ओवरफ्लो, टूटी सड़कें, बंदरों का आतंक जैसे जरूरी काम बजट की कमी से पूरे नहीं हो पा रहे हैं। निगम प्रशासन जान बूझकर हाउस मीटिंग को रद्द करवाता है। निगम के पास विकास कार्यों के लिए कोई पैसा उपलब्ध नहीं है। पूरे शहर में किसी भी वार्ड में विकास कार्य नहीं करवाए गए। सीएम घोषणा का एक भी पैसा किसी भी पार्षद को अब तक नहीं दिया गया है। जाट कॉलेज के मैदान में हुई रैली में सीएम ने 70 करोड़ रुपये जारी करने की घोषणा की थी।
वर्जन -
विकास कार्यों को करवाने के लिए बजट की मांग की जा रही है। जल्द ही सभी वार्डों में एजेंडा के तहत विकास कार्य शुरू करवाए जाएंगे।
- मनमोहन गोयल, मेयर