दिल्ली में तैयार हो रही भगवान गणेश की मूर्ति। स्रोत जागरूक पाठक
रोहतक। गणेश महोत्सव का रंग भक्तों के सिर चढ़ कर बोल रहा है। हर साल की तरह इस साल भी दुर्गा भवन मंदिर परिसर में श्री78 संघ परिवार शहर में सबसे ऊंचे गणपति को विराजमान करने का दावा कर रहा है। खास बात यह होगी कि 12 फीट से ऊंची प्रतिमा भी मिट्टी से बनी होगी और इसे हर दिन नए वस्त्र से सजाया जाएगा। खास तौर पर गणपति का आसान सजाने के लिए विदेशी फूल व इत्र का प्रयोग होगा।
प्रधान मोहित गोयल व पंकज अग्रवाल ने बताया कि दिल्ली सरोजनी नगर में बंगाली कारीगर चिकनी मिट्टी से प्रतिमा को तैयार कर रहे हैं। गणपति की पोशाक किला रोड पर कारीगर को एक माह पहले ही तैयार करने को दे रखी है। इसमें खास हार, पोशाक आभूषणों से जड़ित होंगे। हर दिन अलग-अलग शृंगार किया जाएगा। गजानन को सजाने के लिए आभूषण भी दिल्ली से मंगाए गए हैं। इसके साथ ही रोजाना दिल्ली से विदेशी फूल मंगाए जाएंगे। इसमें जेबरा, आर्गेट, टाटा के गुलाब आदि की किस्म होगी। यह फूल जल्दी खराब नहीं होते। खुशबू के लिए मोतिया के फूल और खास इत्र का प्रयोग करेंगे। प्रधान ने बताया कि उन्होंने पंडाल व 100 लोगों का बीमा कराने के लिए तीन करोड़ की फाइल लगा रखी है। इसके अलावा यहां सुरक्षा के लिए सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी भी लगाए जा रहे हैं। पंडाल लगाने का कार्य शुरू हो चुका है। 19 सितंबर से कार्यक्रम शुरू होगा।