रोहतक। जैन सभा की ओर से 1008 भगवान महावीर स्वामी के 2622वें जन्म कल्याणक महोत्सव पर मंगलवार को भव्य स्वर्ण रथ शोभा यात्रा एवं गुरु सुदर्शन जन जागरण यात्रा निकाली गई। गाजे बाजे के साथ निकली इस शोभायात्रा को पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर, उद्योगपति दीपक जैन, उद्योगपति राजेश जैन, उद्योगपति नवीन जैन, उद्योगपति विनोद जैन, महामंत्री मनोज जैन डब्बू, विनय जैन, रविंद्र जैन नवल, वरुण जैन, राजीव जैन ने धर्म की झंडी दिखाकर रवाना किया।
शोभायात्रा सुबह आठ बजे सिविल रोड स्थित सराय मोहल्ला अतिशय क्षेत्र दिगंबर जैन मंदिर से शुरू हुई। यहां से रथ यात्रा पर विराजमान भगवान महावीर रेलवे रोड, दुर्गा भवन मंदिर, इंदिरा मार्केट, केवल गंज, बाबरा बाजार मंदिर, बड़ा बाजार, पिथवाड़ा मोहल्ला, दिल्ली दरवाजा, गोहाना अड्डा, शांत माई चैक व शहर के स्थानकों एवं दिंगबर जैन मंदिरों में होते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। यहां इंद्रों ने 108 कलश से श्रीजी का अभिषेक कर महाशांति धारा व संगीतमय महाआरती की। इसके बाद भक्तों को गंदोदक दिया गया। आरती के बाद श्रद्धालुओं ने महावीर भगवान पधारो, मन मंदिर में लेकर मीठी तान पधारो, मन मंदिर में... गीतों के साथ जयंती को भक्ति के रंग से सराबोर कर दिया। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर के संदेश प्राणी मात्र से प्रेम करो, जियो और जीने दो, सभी धर्मों का सार मत करो जीव संहार के अनुकरण का संदेश दिया। अहिंसा के अग्रदूत भगवान महावीर की जयंती पर शहर भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। पुरुष सफेद कुर्ता पायजामा व महिलाएं केसरिया कपड़े पहन भगवान महावीर के संदेश युक्त बैनर लेकर शोभायात्रा में शामिल रही। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने अपने घरों व दुकानों के आगे रथ में विराजमान श्रीजी की आरती उतारी व श्रद्धालुओं के लिए खाने पीने के स्टाल लगाई। इस दौरान दिल्ली, सोनीपत व दीपचंद की शहनाई के साथ शहर के बैंड की भक्तिमय धुनें श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करती रही।