रोहतक। दिल्ली बाईपास से सोनीपत के युवक को लिफ्ट देकर कार सवार युवकों द्वारा 88 हजार 500 रुपये लूटने का मामला पैसे के लेनदेन के विवाद का निकला है। इसके चलते इस संबंध में कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर सूचना मिली कि सोनीपत जिले के गांव गढ़वाल निवासी राजू उर्फ राजकुमार से साढ़े 88 हजार रुपये की लूट हुई। पुलिस अभी जांच पड़ताल कर रही थी कि राजकुमार उर्फ राजू सुखपुरा पुलिस चौकी में पहुंच गया। पूछताछ में राजू ने बताया कि वह दिल्ली से प्राइवेट गाड़ी में रोहतक आया था। उसके पास पैसे भी थे। गाड़ी से उतरने के बाद एक कार आई, जिसमें उसे युवकों ने लिफ्ट के नाम पर बैठा लिया। इसके बाद रास्ते में मारपीट करके 88 हजार 500 रुपये लूट लिए। साथ ही गोहाना रोड पर वीटा प्लांट के पास कार से उतारकर फरार हो गए। मामला जांच में पीजीआई थाना एरिया का निकला।
मामला पैसे के लेनदेन का निकला। युवक ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी। इसके चलते कोई केस दर्ज नहीं हुआ है।
प्रमोद गौतम, प्रभारी थाना पीजीआईएमएस