रोहतक। राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के प्रमुख और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने कहा कि नशे का प्रदेश से खात्मा करना ही उनका उद्देश्य है। इसलिए प्रदेश में एक साथ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को बुधवार को ऑनलाइन बैठक कर निर्देश दिए कि किसी भी हालत में नशे का कारोबार करने वाले पुलिस से बचने नहीं चाहिए।
ओपी सिंह ने कहा कि नशा न सिर्फ युवा पीढ़ी को बर्बाद करेगा, बल्कि प्रदेश और देश के विकास को भी पीछे पहुंचाने का काम करेगा। इसलिए नशा के खिलाफ हर गली-मोहल्ले तक पुलिस जाकर नशे के कारोबारियाें पर चोट करें। उन्होंने जनता से भी अपील की है कि वह पुलिस के आंख और कान बनने में सहयोग करें। उन्होंने पुलिस अधीक्षक पंखुड़ी और उप पुलिस अधीक्षक सतेंद्र कुमार को नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान का नोडल अधिकारी बनाया है। उनकी देखरेख में अभियान में लोगों को जागरूक करने से लेकर शिकायत करने के लिए प्रेरित करने और नशा कारोबारियों को चिह्नित करना शामिल है। वीरवार को विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए रोहतक बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन समेत शहर के विभिन्न स्थानों पर स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यूनिट रोहतक टीम ने निरीक्षण किया। इसके अलावा डॉग स्कवॉड समेत अन्य टीमों ने अभियान के तहत जांच पड़ताल की। अधिकारियों ने आमजन से अपील भी की कि कि अगर उनको कहीं पर भी नशीला पदार्थ बिकने की जानकारी मिले तो वह हरियाणा एनसीबी के टोल फ्री न. 90508-91508 पर कॉल करके सूचना दे सकते हैं।
नशीला पदार्थ रखना, बेचना, खाना पूरी तरह प्रतिबंधित
रोहतक। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की ओर से चलाए गए अभियान में सहायक उपनिरीक्षक देवेंद्र दलाल ने रोहतक में नशे के विरुद्ध लोगों को जागरूक किया। इसमें उन्होंने बताया कि हमारी यह पहल है कि आने वाली पीढ़ी को नशे से दूर किया जा सके। इसके लिए अभी से पहल करनी होगी। उन्होंने कहा कि एक राज्य में नशा तस्करों में 33 प्रतिशत महिलाएं संलिप्त हैं, जबकि देश में अफीम, भांग, गांजा, चरस, हेरोइन, स्मैक, चिट्टा, एलएसडी, नशीली गोलियां, नशीले टीके आदि रखने, सेवन करने व बेचने के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित है।