रोहतक में पटरी से उतरे मालगाड़ी के डिब्बे।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
तुगलकाबाद से सूरतगढ़ कोयला लेकर जा रही मालगाड़ी रविवार सुबह हरियाणा के रोहतक के पास खरावड़ रेलवे स्टेशन के समीप करीब दस बजे बेपटरी हो गई। इसके चलते कोयले से भरी आठ वैगन पलट गई और कोयला ट्रैक के आसपास बिखर गया। इसके चलते अप व डाउन दोनों लाइन बाधित हो गई।
वहीं रेलवे प्रशासन ने 15 गाड़ियों को रद्द करते हुए आठ गाड़ियों का रूट डायवर्ट कर दिया। जबकि पांच गाड़ियों को शॉर्ट टर्मिनेट कर दिया गया। देर रात तक मरम्मत कार्य जारी है। वहीं घटना की सूचना मिलने पर दिल्ली से डीआरएम डिंपी गर्ग पहुंच गए और जांच जारी है।
मालगाड़ी के बेपटरी होने की वजह रेलवे प्रशासन प्राथमिक तौर पर ओवर स्पीड व अन्य वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने बताया कि मालगाड़ी में कुल 57 वैगन थे और 47 वैगन करीब एक किलोमीटर आगे निकल चुके थे। जैसे ही मालगाड़ी बेपटरी हुई एक तेज आवाज हुई और वैगन स्लीपरों को तोड़ते हुए पलट गए।
घटनाक्रम में रेलवे लाइन का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और कई स्लीपर टूट गए। बाद में बुलडोजर (जेसीबी) की मदद से वैगन में भरा कोयला खाली किया गया और ट्रैक से हटाया गया। वहीं सूचना मिलने पर मौके पर दिल्ली से आये रेल आपदा वाहन के माध्यम से इंजीनियर विंग ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया।
इसके चलते रोहतक दिल्ली मार्ग पर चलने वाली सारी गाड़ियां प्रभावित हो गईं। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक बीएस मीणा ने बताया कि मालगाड़ी ट्रैक से उतरी है। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है। मरम्मत कार्य जारी है। जल्द ही ट्रैक को सही कर यातायात को बहाल किया जाएगा।