रोहतक। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के दौरे के दौरान कलानौर के तहसीलदार का ड्राइवर बने कंप्यूटर ऑपरेटर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस पर कलानौर तहसील के कंप्यूटर ऑपरेटर सैमाण गांव निवासी नसीब ने कलानौर थाने में तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
पुलिस के मुताबिक नसीब ने दी शिकायत में बताया कि रविवार को केंद्रीय मंत्री के दौरे के चलते अवकाश के बावजूद वह ड्यूटी पर था। क्योंकि तहसीलदार का ड्राइवर अवकाश पर था। इसके चलते उसे तहसीलदार ने ड्राइवर के तौर पर बुलाया था। वीआईपी ड्यूटी के बाद वह गुढान से तहसीलदार को लेकर कलानौर पहुंचा। तहसीलदार को उसने कलानौर चुंगी पर छोड़ दिया और तहसील कार्यालय में गाड़ी खड़ी करने चला गया। तहसील परिसर के अंदर एक गाड़ी खड़ी थी। जब उसने गाड़ी मालिक जेसीबी कार्यालय संचालक सुनील से कहा तो उसने अपशब्द कहे। साथ ही अपने दो अन्य साथियों को भी बुला लिया। उसके साथ मारपीट की। तभी चौकीदार अशोक व ऑपरेटर प्रवीण भी आ गए। पुलिस ने नसीब की शिकायत पर सुनील, उसके साथी मनीष व भान सिंह के खिलाफ मारपीट व सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने का केस दर्ज किया है।