टाइगर (डेंगू फैलाने वाला मच्छर) का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। डेंगू के शनिवार तक जिले में 193 केस सामने आ चुके हैं। इसके बढ़ते कदमों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में विभाग की टीम टाइगर को शहर से खदेड़ने के लिए निकल पड़ी है। इसी कड़ी में रविवार को अवकाश के बावजूद सात कॉलोनियों में फॉगिंग की गई।
स्वास्थ्य विभाग ने मच्छर जनित रोगों पर अंकुश लगाने के लिए रणनीतिक बदलाव किया है। इसके तहत लार्वा विरोधी गतिविधि में शामिल टीमों से कर्मचारी लेकर विशेष फोगिंग टीम गठित की है। यह टीम लगातार फॉगिंग करेगी। डेंगू केस मिलने वाले इलाके में 50 से 60 घरों में फॉगिंग की जाएगी। इसका मकसद यहां मच्छरों का प्रकोप समाप्त करना है। इसी कड़ी में रविवार को टीम ने बड़ा बाजार, किला रोड, गोहाना अड्डा, पुरानी सब्जी मंडी, धोबी मोहल्ला, बाबरा मोहल्ला, प्रताप चौक इलाके में फोगिंग की। फॉगिंगकी एक टीम ने कॉलोनी के बाहर से तो दूसरी ने अंदर फॉगिंग शुरू कर हर कोने तक दवा असर पहुंचाने का प्रयास किया।
स्वास्थ्य विभाग मच्छर जनित रोगों को लेकर अलर्ट है। इसी कड़ी में लार्वा विरोधी गितिविधि, जागरूकता अभियान के साथ फोगिंग भी की जा रही है। इसके लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। यह टीम शहरी इलाके में लगातार फॉगिंग करेगी। लोगों को भी मच्छर जनित रोगों पर अंकुश के लिए विभाग का सहयोग करना होगा।
डाॅ. अनिल बिरला, सिविल सर्जन।