रोहतक। हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ अपनी मांगों को लेकर 19 मार्च को एक दिन का सांकेतिक धरना देने जा रहा है। इसके लिए संघ ने रोडवेज महाप्रबंधक भारत भूषण गोगिया से धरने की अनुमति के लिए पत्र भी लिखा है। इससे पहले कर्मचारी 28 फरवरी को मांगों को लेकर ज्ञापन भी दे चुके, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ है। कर्मचारी संघ के प्रधान सोनू हुड्डा की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान यह फैसला लिया गया।
उन्होंने कहा कि पूर्व में दिए गए मांग पत्र के बारे में विचार-विमर्श किया गया और कर्मचारियों की मांगों व समस्याओं के लिए सर्व सहमति से पुन: स्मरण पत्र देने का फैसला लिया गया। अगर 18 मार्च तक महाप्रबंधक ने कर्मचारियों की मांगों व समस्याओं का समाधान नहीं किया तो संगठन द्वारा एकमत फैसला लिया गया है कि संगठन 19 मार्च को महाप्रबंधक के खिलाफ एक दिन का सांकेतिक धरना करेगा। महाप्रबंधक का रवैया कर्मचारियों के प्रति पूर्ण रूप से नकारात्मक है, जिससे कर्मचारियों में रोष को देखते हुए संगठन सांकेतिक धरना करने के लिए बाध्य है। इसकी पूर्ण जिम्मेवारी महाप्रबंधक की होगी। इस दौरान राज्य महासचिव जगदीप लाठर, पूर्व डिपो प्रधान दीपक हुड्डा, कैशियर राजेश गतौली, प्रह्लाद, संदीप सिंघवा, उप प्रधान सुरेंद्र, प्रवीण लाठर, अशोक, सुनील अहलावत, नरेश, धर्मेंद्र, जितेंद्र, रंजीत, जोगिंदर व सतेंद्र आदि मौजूद रहे।
बाक्स
यह है मुख्य मांगे
प्रधान सोनू हुड्डा ने बताया कि किलोमीटर स्कीम की बसों को लंबे मार्गों से उतार कर लोकल मार्गों पर लगाया जाए, कार्य निरीक्षक वरिष्ठ इंस्पेक्टर को लगाया जाए, असहाय कर्मचारियों के अतिरिक्त अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी सीनियरिटी के आधार पर लगाई जाए, बस स्टैंड परिसर से पेड़ों की कटाई पर रोक लगाई जाए, बस स्टैंड पर कर्मचारियों के लिए लोकरों की व्यवस्था की जाए, कर्मचारियों का बकाया एसीपी लगाया जाए, अच्छी आय वाले मार्गों पर रात्रि ठहराव सेवा बहाल की जाए, ई-टिकटिंग मशीनों की चार्जिंग संबंधी समस्या का समाधान किया जाए, कर्मचारियों की बकाया एलटीसी का भुगतान किया जाए और महाप्रबंधक अपने चहेते कर्मचारियों से कार्य न लेकर विभाग को घाटा पहुंचाना बंद करें।