झज्जर क्षेत्र में स्वीप अभियान के तहत मतदान के प्रति जागरूकता की शपथ दिलाती महिला एवं बाल विकास
झज्जर। सोमवार को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। स्वीप अभियान की नोडल अधिकारी एडीसी सलोनी शर्मा ने बताया कि जिले के शिक्षण संस्थान पूरी रुचि के साथ स्वीप अभियान के तहत जागरूकता हेतु अनेक गतिविधियों का आयोजन करवा रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्कूलों व कॉलेजों में स्लोगन, पेंटिंग, स्पीच, रंगोली आदि अनेक बेहद रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि आज के छात्र ही भविष्य के मतदाता होंगे और उन्हें चुनाव कार्यप्रणाली पता होने से वोट का महत्व भी पता लगेगा कि चुनाव आयोग द्वारा मतदान के लिए समूचे देश में किस स्तर पर कार्य किया जा रहा है। एडीसी ने आमजन का आह्वान किया कि वे आगामी लोकसभा आम चुनाव में मताधिकार का प्रयोग करें,अगर किसी का वोट नहीं बना है तो वे 26 अप्रैल तक अपना वोट बनवा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक अप्रैल को जिस पात्र व्यक्ति की आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है,ऐसे पात्र व्यक्ति 26 अप्रैल तक अपना वोट बनवा कर आगामी 25 मई को होने वाले चुनाव में मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।