रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) में शनिवार को डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर कार्यालय के तत्वावधान में छह दिवसीय सूर्य नमस्कार जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। टैगोर सभागार में 7 से 12 फरवरी तक चलने वाले कार्यक्रम में प्रतिदिन सुबह 6:20 से 7:20 बजे तक विश्वविद्यालय व संबद्ध कॉलेजों के 220 से अधिक विद्यार्थी इसमें भाग लेंगे। इसमें विद्यार्थी, शिक्षक, कर्मचारी एवं आम नागरिक सहभागिता कर सकते हैं। डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. सपना गर्ग ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए योग व स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। सूर्य नमस्कार का अभ्यास अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करता है। अभियान का समन्वय योग क्लब इंचार्ज नरेश अहलावत कर रहे हैं। नियमित सहभागियों को हरियाणा योग आयोग की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। ब्यूरो