रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) में विभिन्न विभागों के छात्रों ने आंदोलन किया। जोगेंद्र सिंह जोगा ने बताया कि शारीरिक शिक्षा विभाग में बैडमिंटन कोर्ट की स्थिति बेहद खराब है। लगभग 500 छात्र इस विभाग में पढ़ते हैं, लेकिन उन्हें खेलने के लिए उचित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि शारीरिक शिक्षा विभाग में एक जिम भी है, वह भी खराब हालत में है। छात्रों को जिम का समय निर्धारित नहीं किया गया है, जिससे वे इसका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। जोगा ने बताया कि लाइब्रेरी के कंप्यूटर विभाग में छह महीने पहले शॉर्ट सर्किट होने के कारण सभी कंप्यूटर जल गए थे। इससे शोधार्थियों को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द कंप्यूटर लैब को ठीक किया जाए। डीन फैकल्टी प्रो. एस मान छात्रों की समस्या के समाधान के लिए जल्दी कार्रवाई शुरू करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग के छात्रों के साथ विभिन्न विभागों के छात्र भी मौजूद रहे।