रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय पर दिशा छात्र संगठन की ओर से नेट और नीट की परीक्षाओं के रद्द व स्थगित होने और इनमें धांधली के मुद्दे पर सोमवार को प्रतिरोध सभा का आयोजन किया गया। दिशा के मदवि संयोजक मनजीत ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) आज के समय छात्रों के बीच अपना भरोसा पूरी तरह से खो चुकी है। संस्था के अधिकारियों का लाखों छात्रों के भविष्य के प्रति कोई सरोकार नहीं रह गया है। इसके साथ ही यूजीसी नेट की 18 जून को हुई परीक्षा को रद्द कर दिया गया। वहीं सीएसआईआर नेट की परीक्षा को भी स्थगित कर दिया गया है। एनटीए का यह रवैया करोड़ों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ से कम नहीं है। इंद्रजीत ने कहा कि नेट और नीट समेत तमाम परीक्षाओं की मौजूदा स्थिति दर्शाती है कि पेपर लीक के पिछले मामलों से न तो एनटीए ने और न ही भारत सरकार ने कोई सीख ली है। पिछले सात साल में 80 से ज्यादा भर्तियां रद्द हो चुकी हैं। प्रदीप ने कहा कि हम भारत सरकार से मांग करते हैं कि पेपर लीक के तमाम मामलों की तत्काल जांच कराई जाए।इस प्रतिरोध सभा में मनजीत, ज्योति, प्रदीप, दीपक, इंद्रजीत, अंश, अजीत, शुभम, आशीष, वरुण आदि मौजूद रहे।