रोहतक। मंगलवार को हुई बारिश ने प्रशासन की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी। शहर में जलभराव होने से आवागमन काफी प्रभावित रहा। जिससे पालिका बाजार के पास मॉडल स्कूल का बच्चा बिजली के पोल की चपेट में आ गया और करंट लगने से वह बेहोश हो गया। जिसका पीजीआई में उपचार चल रहा है।
पालिका बाजार व्यापारियों ने बताया कि बारिश के दौरान काफी पानी भरा हुआ था। मॉडल स्कूल के काफी बच्चे घर जाने के लिए पानी के अंदर से ही गुजर रहे थे। उसी दौरान दसवीं का छात्र उस पोल की चपेट में आ गया और करंट लगने से वहीं पर गिर गया। कुछ व्यापारियों ने आकर उसे वहां से उठाया और सामान्य अस्पताल में उपचार के लिए भिजवाया। लेकिन डॉक्टरों ने छात्र को पीजीआई के ट्रामा सेंटर में रैफर कर दिया। जहां पर छात्र का इलाज चल रहा है। छात्र की हालत पहले से काफी ठीक है, लेकिन वह डरा हुआ है। बुधवार छात्र को पीजीआई से छुट्टी मिल जाएगी। वहीं स्कूल प्रिंसिपल अरूणा तनेजा बुधवार को पालिका बाजार में जाकर व्यापारियों का धन्यवाद करेंगी।