हरियाणा में रेवाड़ी के टींट गांव में पांचवीं कक्षा का छात्र देवेंद्र प्राइमरी स्कूल की छत से गुजर रही 11000 वोल्ट की लाइन की चपेट में आकर झुलस गया।
उसे गंभीर हालत में एच वे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव के सरपंच गुरुदत्त ने बताया कि वीरवार शाम खेलते समय देवेंद्र की बॉल स्कूल की छत पर चली गई थी।
छात्र अपनी बॉल लेने स्कूल की छत पर चढ़ गया जहां अनजाने में वह ऊपर से गुजर रही 11000 वोल्ट की लाइन की चपेट में आकर झुलस गया।
ग्रामीणों ने स्कूल के ऊपर से लाइन हटवाने की मांग के समर्थन में शुक्रवार को स्कूल परिसर में पंचायत आयोजित की।
जानकारी मिलने पर बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता सोमबीर सैनी, एसडीओ सुरेंद्र यादव और नायब तहसीलदार संजीव कुमार मौके पर पहुंचे।
कार्यकारी अभियंता ने ग्रामीणों को एक सप्ताह में लाइन हटाने का आश्वासन दिया।
कार्यकारी अभियंता सोमबीर सैनी का कहना है कि इस दिशा में पहल करते हुए खेतों में बिजली के खंभे गाड़ने के लिए लेबर को काम पर लगा दिया गया है।
सरपंच ने कहा कि अगर एक सप्ताह में स्कूल की छत से गुजरी रही बिजली की लाइन नहीं हटी तो आगे की कार्रवाई के लिए पंचायत की जाएगी।