रोहतक। नगर निगम सेक्टरों की स्टॉर्म वाटर लाइन साफ नहीं करवा सका है। परेशान सेक्टरवासियों ने रिटायर्ड अधिकारियों का एक पैनल तैयार किया, जिसकी रिपोर्ट ने नगर निगम अधिकारियों की नींद उड़ा रखी। अधिकारियों को सौंपी रिपोर्ट में बताया गया है कि निगम के ठेकेदार ने चार माह में 57 किलोमीटर लंबी स्टॉर्म वाटर लाइन की मात्र 1.66 प्रतिशत हिस्से की सफाई की है, जबकि छह माह में काम पूरा होना है।
शुक्रवार को निगम की टीम को जांच के लिए सेक्टरों में जाना था, लेकिन अधिकारी नहीं पहुंचे। ऑल सेक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी इंतजार करते रह गए।
ऑल सेक्टर्स रेजिडेंट वेल्फेयर एसोसिएशन के प्रधान रणबीर सिंह छिल्लर ने बताया कि नगर निगम की तरफ से मार्च 2024 में सेक्टर एक, दो, तीन, चार व 14 की 57 किलोमीटर लंबी स्टॉर्म वाटर लाइन की सफाई का ठेका हिसार की कंपनी को 1.39 करोड़ में दिया था। छह माह में ठेकेदार को काम पूरा करना था। इसमें दो सीवर मैनहोल के बीच बकेट मशीन से भी सफाई की जानी थी। मानसून के बावजूद ठेकेदार धीमी गति से काम कर रहा है। ऑल सेक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन की तरफ से तय हुआ कि एक्सपर्ट का पैनल तैयार करके काम की जांच की जाए, ताकि अधिकारियों को हकीकत का पता लग सके।
पैनल में सेवानिवृत्त एक्सईएन व तीन एसडीओ, दो माह में बारीकी से की रिपोर्ट तैयार
सेक्टर तीन के प्रधान सुखबीर सिंह हुड्डा ने बताया कि एक्सपर्ट पैनल में पब्लिक हेल्थ से रिटायर्ड एक्सईएन आरएस दहिया, सुखबीर सिंह हुड्डा रिटायर्ड एसडीओ पब्लिक हेल्थ, सुरेंद्र रोहिल्ला रिटायर्ड एसडीओ सिंचाई विभाग व जोगेंद्र सिंह सिंधु रिटायर्ड एसडीओ सिंचाई विभाग शामिल हैं। पैनल ने पहले टेंडर निकलवाया। इसके बाद मैप से जांच की। ठेकेदार ने जहां-जहां लाइन साफ की, उसकी अपने स्तर पर जांच कर रिपोर्ट बनाई। अब रिपोर्ट तैयार की।
57 किलोमीटर लाइन में मात्र पौने दो प्रतिशत हिस्सा साफ
रिपोर्ट में बताया गया है कि ठेकेदार ने 2 करोड़ का टेंडर 30 प्रतिशत माइनस में लिया हुआ है। उसे उसे चार माह में 70 प्रतिशत से ज्यादा काम पूरा करना था, लेकिन 57 किलोमीटर लंबी लाइन में से मात्र पौने 1.66 प्रतिशत हिस्सा साफ किया है। इतना ही नहीं, बकेट मशीन से सेक्टर तीन में मात्र 200 मीटर लाइन साफ की, जो सीनियर सिटीजन क्लब से लेकर सत्यम मॉल की सड़क तक है। इसके अलावा 57 जगह सड़क या रैंप तोड़कर सीवर के मैनहोल के ढक्कन साफ करने थे, जो एक भी नहीं किया गया है। 6 से 12 इंच की छोटी स्टाॅर्म वाटर लाइन 1 हजार मीटर साफ की है। 5700 जीटी यानी जाली साफ करनी थी, लेकिन अभी तक 3900 साफ हुई हैं। सेक्टर 1, 3, 4 व 14 का सैंपवेल यानी बड़ा कुआं अभी तक साफ नहीं हुआ है।
....
एसोसिएशन ने बकेट मशीन से सफाई न करने की शिकायत की
तीन दिन पहले ऑल सेक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने निगम के संयुक्त आयुक्त विजय सिंह को रिपोर्ट सौंपी और बकेट मशीन से सफाई न करने की शिकायत की। संयुक्त आयुक्त ने इंजीनियरिंग ब्रांच को ड्राइंग सहित शुक्रवार सुबह 9 बजे सेक्टरों में पहुंचने के लिए पत्र जारी किया, लेकिन शुक्रवार को टीम नहीं पहुंची। एसोसिएशन ने बैठक करके रोष व्यक्त किया। बैठक में ऑल सेक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन के संयोजक कदम सिंह अहलावत, प्रधान रणबीर छिल्लर, महासचिव सुखबीर हुड्डा, डॉक्टर रणजीत सिंह मलिक, धनराज सिंह रंगा, कटार सिंह हुड्डा, कपूर सिंह ढाका, रणधीर दहिया, संतलाल बुद्धवार, वजीर सिंह बड़क, दीपक मलिक व मास्टर ओमप्रकाश सांगवान भी मौजूद रहे।
वर्जन
ऑल सेक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने रिपोर्ट के साथ शिकायत की थी। निगम अपने स्तर पर पूरे मामले की जांच करवा रहा है। स्टॉर्म वाटर लाइन को साफ करवा दिया जाएगा। काम पूरा होने पर ही ठेकेदार को पेमेंट की जाएगी।
- विजय सिंह, संयुक्त आयुक्त नगर निगम
...
हर साल सेक्टरों में पानी भरता है। इसके बावजूद निगम के अधिकारी व ठेकेदार ने स्टॉर्म वाटर लाइन गंभीरता से साफ नहीं की। निगम के आला अधिकारियों को कड़ा कदम उठाना चाहिए।
आरएस छिल्लर, प्रधान ऑल सेक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन