जिला विकास भवन में एडीसी से बातचीत करते नवीन जयहिंंद । संवाद
रोहतक। प्रदेश भर से अनेक दिव्यांग, बुजुर्ग व विधवा अपनी फैमिली आईडी संबंधी परेशानी लेकर नवीन जयहिंद के साथ जिला विकास भवन पहुंचे। दाल, चावल, तेल, चीनी, आटा लेकर पहुंचे जयहिंद ने अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के पास गरीबों को देने के लिए राशन नहीं होने की स्थिति में यह सामान देने की बात कही गई।
पीड़ितों ने अपनी समस्या एडीसी महेंद्रपाल को सुनाई। साथ ही समाधान नहीं होने पर मुख्यमंत्री आवास चंडीगढ़ पहुंचने की चेतावनी दी। एडीसी ने फरियादियों को सात से 10 दिन में समाधान का आश्वासन दिया।
जयहिंद ने कहा कि 15 वर्षीय नरगिस की फैमली आईडी में उसकी आय ढाई लाख रुपये दिखाई गई है। ऑटोरिक्शा चालक के कागजों में 50 किले जमीन दिखाई गई है। किसी की फैमिली आईडी में आय अधिक दिखाकर पीला राशन कार्ड काट दिया गया तो किसी की पेंशन। इसे ठीक कराने के लिए लोग विभाग के चक्कर लगाने को विवश हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
पिछले दिनों मदीना से विकलांग राजकर्ण दांगी, विधवा गुड्डी दांगी व राम कुमार जांगड़ा की फैमिली आईडी में गड़बड़ी सामने आई थी। इसकी वजह से अधिकारियों ने पीला राशन कार्ड काट दिया। इनकी कहीं सुनवाई नहीं हुई। इसके चलते ये नवीन जयहिंद के पास फरियाद लेकर पहुंचे। इसके चलते प्रशासन ने इनके घर पर जाकर इनकी समस्या का समाधान किया। इससे पूर्व दादा दुलीचंद की बारात निकाल कर भी रोष प्रकट किया गया था। शासन व प्रशासन फैमिली आईडी संबंधी समस्याओं का समाधान शीघ्र करे। ऐसा नहीं होने पर फिर से बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
शहीदों को किया नमन
जिला विकास भवन में प्रदर्शन के बाद नवीन जयहिंद कान्ही के नवजोत पब्लिक स्कूल पहुंचे। यहां आयोजित समारोह में बच्चों को भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव व अन्य क्रांतिकारियों से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया। शहीदी दिवस पर हुए इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों से कहा कि पढ़ने से ही काम नहीं चलेगा। अपने हक के लिए आवाज उठाना भी सीखना होगा।