स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफार्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स को बड़ा झटका लगा है। यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार हरीश गुप्ता ने अपने पद से इस्तीफा देने के लिए वीसी को पत्र भेजा है। उन्होंने इस्तीफे के पीछे पारिवारिक कारण बताएं हैं, लेकिन चर्चा है कि यूनिवर्सिटी में छात्रों और स्टाफ के बीच हर रोज होने वाले विवाद के चलते वे पद छोड़ रहे हैं।
दरअसल, स्टेट यूनिवर्सिटी में छात्रों और स्टाफ के बीच आपसी सामंजस्य नहीं है। इस कारण यूनिवर्सिटी में हर दिन कोई न कोई विवाद होता रहता है। गत वर्ष 13 मई को आर्किटेक्चर डिपार्टमेंट में एसोसिएट प्रोफेसर हरीश गुप्ता को यूनिवर्सिटी का रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया था। हालांकि वे यूनिवर्सिटी में होने वाले विवादों से दूर ही रहे, लेकिन हाल ही में उन्होंने वीसी को पत्र और ई-मेल के माध्यम से अपना इस्तीफा भेजकर प्रबंधन में हड़कंप मचा दिया।
रजिस्ट्रार ने अपने इस्तीफे के पीछे पारिवारिक कारण और खुद की बीमारी का हवाला दिया है। इसके लिए उन्होंने प्रबंधन को 28 मार्च तक का समय दिया है। उन्होंने प्रबंधन को कहा है कि इस अवधि में रजिस्ट्रार पद के लिए किसी दूसरे व्यक्ति को तैयार कर लिया जाए। हालांकि अभी तक प्रबंधन ने उनका इस्तीफा मंजूर नहीं है। लेकिन उनके इस्तीफे के बाद से ही प्रबंधन उन्हें मनाने की कोशिश कर रहा है।
सूत्रों की मानें तो यूनिवर्सिटी में होने वाले विवादों के चलते रजिस्ट्रार हरीश गुप्ता काफी आहत हैं और अधिकारियों के साथ तालमेल की भी कमी है। इसी कारण उन्होंने पद से इस्तीफा दिया है। अब देखना है कि प्रबंधन 28 मार्च तक उनका इस्तीफा मंजूर करता है या फिर कोई और दांव-पेंच लड़ाकर रजिस्ट्रार को यहीं पर रहने देगा। गौरतलब है कि रजिस्ट्रार हरीश गुप्ता पहले भी अपना पद छोड़ने के लिए अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं।
मई 2015 में किया था ज्वाइन
रजिस्ट्रार हरीश गुप्ता डिपार्टमेंट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन में कार्यरत थे। वर्ष 2013 में उन्हें एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर यूनिवर्सिटी में भेज दिया गया। उनके कामकाज को देखते हुए कुछ ही दिन बाद उन्हें आर्किटेक्चर डिपार्टमेंट का एचओडी बना दिया गया। इसके बाद पिछले वर्ष 13 मई को उन्हें रजिस्ट्रार की जिम्मेदारी दे दी गई।
मैंने पारिवारिक कारण और खुद की बीमारी के चलते पद से इस्तीफा दिया है, जिसके लिए 28 मार्च तक का समय दिया गया है। हालांकि अभी तक इस्तीफा मंजूर नहीं किया।
हरीश गुप्ता, रजिस्ट्रार स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफार्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स।