रोहतक। जिला पुलिस की तरफ से वीआईपी ड्यूटी के लिए स्पेशल टीम सीपीटी का गठन किया गया है। टीम ने सोमवार को साप्ताहिक परेड में भाग लिया। साथ ही एसपी की तरफ से सराहनीय कार्य करने के लिए 18 जवानों को 35 हजार रुपये का नकद इनाम व प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। इसमें अकेली एवीटी स्टाफ की टीम छाई रही, इसने 20 हजार रुपये का इनाम जीता। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहतक लोगेश कुमार, उप पुलिस अधीक्षक विवेक कुंडू, उप पुलिस अधीक्षक रवि खुंडिया, उप पुलिस अधीक्षक राजीव, उप पुलिस अधीक्षक रजनीश व अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) हिमांशु गर्ग ने बताया कि पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड के दौरान पुलिस के कागजात की समीक्षा की गई, जिसमें वीआईपी ड्यूटी के लिए अलग से बनाई गई सीपीटी टीम को ड्यूटी से संबंधित दिशा निर्देश दिये हैं। साथ ही गश्त टीम में शामिल ईआरवी व राइडर पर तैनात स्टाफ को भी संबोधित किया गया। परेड में मादक द्रव्य प्रदार्थ विरोधी टीम के इंचार्ज पीएसआई मनोज व एएसआई राजेश को नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के आठ आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने 8 हजार रुपये का इनाम दिया गया। एवीटी स्टाफ प्रभारी एसआई सतीश कुमार व उनकी टीम के सदस्य एएसआई अमित, एएसआई अनिल कुमार, मुख्य सिपाही हरिश, मुख्य सिपाही रंजीत, मुख्य सिपाही प्रवीण, सिपाही प्रवीण व सिपाही कर्मपाल को भैणीचंद्रपाल के किसान की हत्या के आरोप में नामजद तीन आरोपियों को काबू करने पर 15 हजार रुपये का इनाम दिया गया। एवीटी स्टाफ के एएसआई अनिल, मुख्य सिपाही जिलेसिंह, सिपाही देवेन्द्र को आर्य नगर में घर से अलमारी ठीक करने के बहाने से ज्वैलरी व रुपये चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार करने पर 5 हजार का इनाम दिया गया। वहीं, एएसआई संजीत, मुख्य सिपाही अमित को 2012 से फरार चल रहे पीओ को गिरफ्तार करने पर 2 हजार, पीएसआई शुभम, मुख्य सिपाही राकेश, सिपाही राकेश को धोखाधड़ी का केस सुलझाने व नकदी बरामद करने पर 5 हजार रुपये का इनाम देकर सम्मानित किया गया।