रोहतक। छह माह पहले नई अनाज मंडी के गेट पर झज्जर के युवक का मोबाइल फोन छीनने के आरोप में शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने सोनीपत जिले के गांव मदीना निवासी अमन को गिरफ्तार किया है। दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी राकेश सैनी ने बताया कि झज्जर जिले के गांव जहाजगढ़ निवासी सुभाष ने शिकायत दी थी कि वह रेलवे स्टेशन की तरफ पैदल जा रहे थे। जब वह नई अनाज मंडी के गेट नंबर तीन के पास पहुंचे तो कार में सवार होकर आए युवकों ने डराकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया था। पुलिस ने आरोपी को सोनीपत जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। आरोपी के खिलाफ सोनीपत में दो मामले दर्ज हैं। वारदात में आरोपी पुनीत व नसीब को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। ब्यूरो