कड़ी मेहनत और लगन से जरूरतमंदों की सेवा करने वालों को जब शुक्रवार अमर उजाला की ओर से रोहतक में सम्मान मिला तो समाजसेवियों के चेहरे खुशी से चहक उठे। अमर उजाला के 75 वर्ष पूरे होने पर सामाजिक संस्थाओं व संगठनों को उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य को सम्मान देने के लिए ''सम्मान समारोह'' का आयोजन किया गया।
शीला बाईपास स्थित एक निजी होटल के हॉल में आयोजित समारोह में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रोहतक रेंज राकेश आर्य बतौर मुख्यातिथि पहुंचे। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आईजी ने समाजसेवियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि समाज के उत्थान में अहम योगदान देने वाली संस्थाओं को सम्मानित करना उनका सौभाग्य है।
कोई भी संगठन हो, चाहे वह किसी भी क्षेत्र में कार्य किया हो, वह समाज को आगे बढ़ाने के लिए हर तरह का प्रयास करता है। उनका संस्थाओं से आग्रह है कि वह जिस भी मुहिम को लेकर कार्य कर रहे हैं, वह उसे मंजिल तक पहुंचाएं। समोराह में मंच संचालन रितु श्योराण ने किया।
समाज के लिए समर्पित होना बड़ी बात
अपने परिवार व व्यवसाय की जिम्मेदारियों से समय निकाल कर समाज के लिए समर्पित होना बड़ी बात है। वह चाहते हैं कि जब ऐसा सम्मान समारोह हो तो समाजसेवियों की संख्या और अधिक हो। सामाजिक हित में कोई मदद की जरूरत पड़े तो उसमें वह भी पूरा सहयोग करेंगे। आईजी ने सभी संगठनों को शुभकामनाएं दीं।
समाज से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं को किया सम्मानित
धार्मिक आयोजन, क्लब, व्यापारिक संगठन, स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण शिविर, रक्तदान शिविर व जागरूकता अभियान, नहरी पानी संरक्षण, एनसीसी अधिकारी, खेल प्रमोटर, साइकिलिस्ट, शिक्षा के क्षेत्र में, पर्यावरण संरक्षण व नशा मुक्त अभियान आदि।