रोहतक। यूपी के गाजियाबाद रोड़ी उतारकर कलानौर के कटसेरा जा रहे ट्रक चालक व परिचालक से बुधवार की रात स्कूटी व बाइक सवार युवकों ने 14 हजार 800 रुपये की नकदी व दो मोबाइल फोन छीन लिए। इस संबंध में सदर थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक कटेसरा गांव निवासी कुलदीप ने दी शिकायत में बताया कि वह सांघी गांव के युवक के 10 टायर वाले ट्रक पर ड्राइवर है। बुधवार की रात गाजियाबाद माल उतारकर अपने कंडक्टर प्रदीप व दूसरे साथी सत्यवान के साथ वापस आ रहे थे। जब ढाई बजे के करीब गोहाना रोड पर मकड़ौली पुल के पास पहुंचे तो ट्रक मालिक ने उनका वेतन किसी व्यक्ति के माध्यम से भिजवाया था। व्यक्ति पैसे देेकर चला गया। तभी एक बाइक व एक स्कूटी पर चार युवक आए और ट्रक को घेर लिया। साथ ही जबरन ट्रक के अंदर घुसे और 14 हजार 800 रुपये व दो मोबाइल फोन छीनकर ले गए। एक युवक दूसरे को शाका बोल रहा था। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात युवकों के खिलाफ पैसे छीनने का मामला दर्ज किया।