हरियाणा के झज्जर में तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला समेत छह लोगों की मौत और चार अन्य घायल हो गए।
घायलों में से तीन को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है।
झज्जर-बादली मार्ग पर जहांगीरपुर के पास वीरवार रात एक कैंटर खराब हो गया।
दो मिस्त्री सड़क पर पहिया बदल रहे थे तभी पीछे से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में कार चालक विकास निवासी बोड़िया, मिस्त्री हविंद्र निवासी यूपी और गौतम निवासी मंगोलपुरी की मौत हो गई।
कैंटर चालक को भी चोटें आई हैं लेकिन उसे यहां नहीं लाया गया। पुलिस उसके बारे में पता लगा रही है।
वहीं दूसरी ओर जहांगीरपुर के खेतों से लौट रहे एक किसान की मौत हो गई।
गांव जहांगीरपुर का जगमाल सिंह पुत्र रामसिंह खेतों में पानी लगाकर लौट रहा था।
रास्ते में मिट्टी के कटाव के कारण उसका ट्रैक्टर पलट गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
एक अन्य हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार को झज्जर सांपला मार्ग पर बाईपास के पास एक गोद भराई समारोह से वापस दिल्ली लौट रहे परिवार की कार और ट्रक की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई।
हादसे में सोनिया नामक महिला की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
मृतकों में मनीष नामक व्यक्ति भी शामिल है जो गाड़ी चला रहा था। इसे काफी मशक्कत के बाद गाड़ी से निकाला जा सका।
घायलों में बच्ची श्रेया के अलावा गीता और अभिषेक शामिल हैं। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।