रोहतक। ऑटो में सवार कॉपरेटिव बैंक के मैनेजर की जेब से ऑटो में ही सवार दो महिलाओं ने रुपये निकाल लिए। इस बारे में मैनेजर को तुरंत ही पता लग गया और उसने दोनों महिलाओं को अशोका चौक पर मौके पर खड़ी पुलिस के समक्ष पेश किया। जहां दोनों महिलाओं ने रुपये चोरी करने के बारे में कुबूल कर लिया। इसके बाद दोनों महिलाओं को सिविल लाइन थाना ले जाया गया। जहां जांच अधिकारी पी/एसआई पूजा के सख्ती से पूछने पर दोनों बताया कि वे रिश्ते में ननद-भाभी है। दोनों दिल्ली में किराये पर रहते हैं। वे मूल रूप से पंजाब व गाजियाबाद के रहने वाले हैं। दोनों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में नरेंद्र सिंह ने बताया कि वह सेक्टर 6 बहादुरगढ़ जिला झज्जर का रहने वाला है। वह एक कॉपरेटिव बैंक का मैनेजर है। वह वीरवार को अपनी बहन से मिलने रोहतक आया था। वह शीला बाईपास चौक से अशोका चौक के लिए ऑटो में सवार हो गया था। जब वह ऑटो में सवार हुआ तो उसी समय ऑटो में दो महिलाएं भी सवार हो गई। जिनसे आटो ड्राइवर ने पूछा कि आप कहां जाएंगी। जिस पर उन्होंने कहा कि आगे चौक तक जाना है। अगले चौक पर उनसे फिर पूछने पर उन्होंने थोड़ी दूर और चलने के बारे में कहा। जब ऑटो अशोका चौक पर पहुंचा तो उक्त दोनों महिलाओं ने नरेंद्र की जेब में रखे करीब 7500 रुपये निकाल लिए थे। शक होने पर नरेंद्र ने अपनी जेब चेक की तो जेब में पर्स नहीं मिला। स्थिति भांप लेने पर उन दोनों महिलाओं में से एक महिला ने नरेंद्र को आपके पैसे बगल में ही सीट पर पड़े हुऐ है। मौके पर खड़ी पुलिस को इस बारे में बताया गया तो पुलिस के सख्ती से पूछने पर दोनों महिलाओं ने चोरी की वारदात कुबूली।