बेरी। राज्य सरकार की ओर से उपमंडल स्तर पर लगाए गए समाधान शिविर में एसडीएम कार्यालय में गांव मदाना का बुजुर्ग सतबीर पहुंचा। बुजुर्ग बोला एसडीएम साहब पिछले एक साल से पेंशन बनवाने के लिए चक्कर काट रहा हूं। कई बार गांव के अटल सेवा केेंद्र पर दस्तावेज जमा करा चुका हूं, लेकिन अभी तक पेेंशन नहीं बनी है। एसडीएम ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारी को मौके पर बुलाकर बुजुर्ग की पेंशन बनाने के लिए दस्तावेज जमा करवाए।
पिछले चार दिनों से लगातार प्रशासनिक अधिकारी लोगों की समस्याओं को सुन रहे हैं। समाधान शिविर के चौथे दिन 29 नागरिकों ने बेरी एसडीएम रविंद्र मलिक के समक्ष अपनी समस्याएं रखी, जिनमें सबसे अधिक समस्याएं पेंशन से संबंधित मिली। एसडीएम ने सभी 29 समस्याओं का संबंधित विभाग के अधिकारियों से समाधान करवाया।
बेरी निवासी राजेश शर्मा पाना छाज्याण स्थित बोड़ा कुआं मंदिर के पास बंदरों व पीने की पानी की समस्या को लेकर पहुंचे। एसडीएम ने कहा कि पिछले दिनों बेरी में करीब 300 बंदरों को पकड़ा गया और अभी भी कस्बा में बंदरों की समस्या है। एसडीएम ने एक बार बंदरों को पकड़वाने का आश्वासन दिया और पानी की समस्या का समाधान करने की बात कही। समाधान शिविर में सबसे ज्यादा समस्याएं पेंशन विभाग की आईं, जिनका एसडीएम मौके पर समाधान करवा दिया।