रोहतक। जिला अदालत में शुक्रवार को महम के सात साल पुराने केस में गवाही से संबंधित दस्तावेज जमा करवाने के लिए आए एसआई लापता हो गए। हांसी पुलिस के एसआई संदीप के पिता ने कोर्ट में बताया कि उनके बेटे की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। इसलिए वह सात साल पुराने केस में गवाही नहीं दे सकते हैं। उन्होंने इससे संबंधित दस्तावेज कोर्ट में जमा करवा दिए।
दस्तावेज जमा करवाने के बाद जब वह कोर्ट से आ रहे थे तो पीछे चल रहा बेटा लापता हो गया। इस संबंध में आर्य नगर थाने में केस दर्ज करवाया है। पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-4 निवासी नफेसिंह ने बताया कि वह फिलहाल हिसार के सेक्टर 16-17 में किराये पर रहते हैं। उनका बेटा संदीप हरियाणा पुलिस में एएसआई है, उनकी पोस्टिंग हांसी में है। उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, जिसके चलते उपचार चल रहा है। शुक्रवार को वह रोहतक की अदालत में आए थे। अदालत को उन्होंने बताया कि बेटा मानसिक तौर पर ठीक नहीं है। 29 दिसंबर को अग्रोहा मेडिकल में दाखिल कराया था, जहां से 9 जनवरी को छुट्टी मिली। अब भी दवा चल रही हैं। अदालत में दस्तावेज जमा करवाने के बाद वह और संदीप बाहर आ रहे थे। पीछे-पीछे चल रहा संदीप अचानक लापता हो गया।