जींद। 15 हरियाणा बटालियन द्वारा चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी (सीआरएसयू) में दस दिवसीय एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन अनेक प्रकार की गतिविधियां करवाई गईं। इसमें शास्त्र प्रशिक्षण, मैप रीडिंग व एनसीसी अधिकारी श्रवण कुमार ने फायर सर्विस और फायर फाइटिंग पर व्याखान दिया और कैडेट्स को तनाव प्रबंधन पर जानकारी दी। शिविर में बच्चों को छह कंपनियों में बांट कर कई प्रकार की खेलकूद प्रतियोगिता करवाई गई।
श्रवण कुमार ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों से एनसीसी कैडेट्स का मनोबल बढ़ता है। इससे तनाव दूर करने के लिए भी विशेष कार्य होता है। ऐसे में एनसीसी कैडेट्स हर प्रकार से सैनिक तैयार हो जाता है। इस मौके पर रस्साकशी प्रतियोगिता भी करवाई गई। इसमें विजेता टीम को को मेडल देकर प्रोत्साहित किया गया। शिविर में थर्ड ऑफिसर अजीत पाल की सैकंड ऑफिसर के रूप में पदोन्नति होने पर खुशी जताई गई। बच्चों को इसके अलावा देशभक्ति से संबंधित पाठ पढ़ाया गया और हर समय देश सेवा के लिए तैयार रहने की सीख दी गई। इस मौके पर कर्नल आरके गोयत, मेजर जय भगवान दलाल, लेफ्टिनेंट आशा ढुल, सेकंड थर्ड ऑफिसर अजीत पाल व थर्ड ऑफिसर श्रवण कुमार भी मौजूद रहे।